कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने 12 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया है। ये कमेटी आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों की सूची बनाने से लेकर चुनाव की रणनीति तय करने का काम करेगी। रविवार को यह जानकारी पार्टी के महासचिव पार्थ चटर्जी ने दी।
पार्थ चटर्जी ने बताया कि रविवार को ही इस कमेटी का गठन किया गया है, जो आगामी लोकसभा चुनाव के लिए हर तरह की रणनीति पर विचार करेगी। समिति चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के आवेदनों पर गौर करेगी। उन्हें पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी के पास अग्रेषित करेगी।
12 सदस्यीय समिति में ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी, सुब्रत बख्शी, फिरहाद हकीम, अरूप विश्वास, शुभेन्दु अधिकारी, चंद्रिमा भट्टाचार्य, शशि पांजा, मलय घटक, ज्योतिप्रिय मल्लिक, सुब्रत मुखर्जी, डेरेक ओ ब्रायन और पार्थ चटर्जी शामिल हैं। पार्थ चटर्जी ने कहा कि समिति चुनाव संबंधी प्रचार और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ मिलकर इच्छुक उम्मीदवारों के आवेदनों की जांच करेगी।
अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन लोकसभा सांसद हैं, जबकि समिति के अन्य 10 सदस्य राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री हैं। साल 2014 के आम चुनावों में पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा क्षेत्रों में से, तृणमूल कांग्रेस ने 34 सीटें जीतीं, कांग्रेस को चार और भाजपा और सीपीआई(एम) को दो-दो सीटें मिलीं। चटर्जी ने दावा किया कि इस बार उनकी पार्टी राज्य के सभी 42 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
