sunlight news

किसानों के समर्थन में दिल्ली सरकार के मंत्री-विधायक भूख हड़ताल पर

दिल्ली
नई दिल्ली। किसानों के समर्थन में सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के विधायक एवं पार्षद समेत सभी नेता भूख हड़ताल पर हैं।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा है कि उपवास पवित्र होता है। आप जहां हैं, वहीं हमारे किसान भाइयों के लिए उपवास कीजिए।
प्रभु से उनके संघर्ष की सफलता की प्रार्थना कीजिए। अंत में किसानों की अवश्य जीत होगी।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि देश का अन्नदाता किसान अपनी रोज़ी-रोटी बचाने की ख़ातिर, केंद्र सरकार के तीन क़ानूनों को वापस लिए जाने की मांग करते हुए आज अनशन पर है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग के समर्थन में आज पार्टी कार्यालय में सभी साथियों के साथ मैं भी उपवास पर हूं।
दिल्ली सरकार के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि कितने दुख की बात है कि जो किसान सारे देश के लिए अन्न उगाता है, आज उनको ही अन्न का त्याग कर उपवास रखना पड़ रहा है। आप पार्टी भी आज अपने किसान भाइयों के समर्थन में सामूहिक उपवास रख रही है। केंद्र सरकार से आग्रह है कि आप अपना अहंकार छोड़ो और बिल वापस लो।
कृषि कानून के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर हजारों किसान दो हफ्ते से अधिक वक्त से डटे हुए हैं। किसानों की मांग है कि कृषि कानून रद्द किए जाएं, जिसे सरकार नहीं मान रही है। ऐसे में आज दिल्ली की सिंधु, टिकरी, पलवल, गाजीपुर सीमाओं पर किसान सुबह आठ से शाम पांच बजे तक भूख हड़ताल पर रहेंगे।
Share from here