भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने बंगाल में आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए पहले दो चरणों के 60 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने की तैयारी कर ली है। प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व नई दिल्ली पहुंचे हुए हैं और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक होनी है।
पश्चिम बंगाल में कई ऐसे चर्चित चेहरे हैं जो टिकट के इंतजार में हैं। कोलकाता से लेकर दिल्ली तक संपर्कों के घोड़े दौड़ा रहे हैं ताकि इसबार उन्हें पार्टी के टिकट पर उम्मीदवारी का मौका मिल जाए।
हाल ही में अभिनेता यश दासगुप्ता ने भाजपा की सदस्यता ली है। सूत्रों ने बताया है कि वे भी टिकट के इंतजार में हैं। इसी तरह भाजपा में शामिल हुई अभिनेत्री श्रावंती चटर्जी भी इसी सूची में हैं। उन्हें इंतजार है कि बालूरघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उन्हें उम्मीदवार बनाएगी।
एक समय में बांग्ला दैनिक अखबार में पत्रकारिता करने वाली संघमित्रा चौधरी भाजपा में हैं और महिला मोर्चा की सक्रिय सदस्य के तौर पर बहुचर्चित रही हैं। जादवपुर और रायदिघी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का आवेदन भी उन्होंने भरा है।
इसी तरह से जादवपुर विश्वविद्यालय के केमिकल इंजीनियरिंग डॉक्टरेट मोहित रॉय को भी उम्मीद है कि उन्हें जादवपुर विधानसभा केंद्र से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। मनोरंजन जोआरदार को दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर विधानसभा केंद्र से उम्मीदवार बनने की उम्मीद है। 2016 में उन्हें पार्टी ने यहीं से टिकट दिया था।
दक्षिण कोलकाता में मिताली साहा भी उम्मीदवार बनने की उम्मीद में हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी टिकट देगी तो खुशी होगी। मुझे पता चला है कि 46000 लोगों ने उम्मीदवारी के लिए आवेदन भरा है।
पूर्व पत्रकार दिवाकर रॉय भी इस सूची में हैं। मुकुल रॉय के बेहद करीबी माने जाने वाले दिवाकर ने इस संबंध में मीडिया से कुछ भी कहने से मना कर दिया लेकिन उन्होंने कहा कि टिकट मिले तो कौन उम्मीदवार नहीं बनना चाहेगा।
खैर जो भी हो बंगाल में फिलहाल परिवर्तन की बयार बह रही है और इसके साथ अपनी नाव की पतवार बांधने के लिए छोटे से लेकर बड़े स्तर के नेता तैयार बैठे हैं। अब जब भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी तभी पता चलेगा कि उनमें से कितनों की उम्मीदें पूरी हुई और कितनों की उम्मीदों पर पानी फिरा है।
