पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान राजनीतिक हिंसा का दौर जारी है। मोयना से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार क्रिकेटर अशोक डिंडा पर मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान हमला किया गया है।
डिंडा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में मोयना विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं। मंगलवार को वह इस इलाके में प्रचार करने के लिए निकले थे, तभी उन पर हमला हो गया।
डिंडा ने खुद ट्वीट कर इस हमले की जानकारी दी और इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। ईंट पत्थर से हमला करके उनकी गाड़ी के कांच तोड़ दिए गए हैं।
स्थानीय थाने में उन्होंने इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। हमले का आरोप सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगा है। हालांकि पार्टी ने ऐसे किसी भी आरोप से इनकार किया है और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
