कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने आसन्न लोकसभा चुनाव से पूर्व अपने लोगो को बदला है। यह लोगों मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पसंदीदा रंग सफेद और नीला में बनाया गया है।
पहले तृणमूल कांग्रेस का लोगो तिरंगा रंग का था। जोड़ा फूल और घास को अमूमन तिरंगा रंग में रंग कर रखा जाता था लेकिन अब इस लोगों को सफेद और नीले रंग में रंग दिया गया है।
बुधवार सुबह सबसे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपना ट्विटर का डीपी इस नए लोगो से बदल दिया है। उसके बाद पार्टी के अधिकतर नेताओं ने अपना-अपना सोशल डीपी इस नए लोगो बदल दिया। चंद घंटों में ही यह लोगो ट्विटर पर ट्रेंड करने लगा था।
दरअसल तृणमूल प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सफेद व नीला रंग काफी पसंद है। सरकारी इमारतों से लेकर फ्लाइओवर, ब्रिज, रोड डिवाइडर तक सफेद नीला रंग में रंग दिया गया है।
बताया गया है कि यह ममता बनर्जी के दिमाग की उपज है जिसे उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी और उनकी टीम ने नया रंग रूप दिया है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि लोकसभा चुनाव में नया लोगो राज्य के सत्तारूढ़ दल को जनता में और लोकप्रिय बनाने का काम करेगा।
पहले के लोगो की तरह नए लोगो में जोड़ा घास फूल के साथ राष्ट्रीय ध्वज के सभी रंग को शामिल किया गया है लेकिन टैग लाइन और रंग रूप में बदलाव किया गया है।
टैग लाइन आमार, आपनार बांग्ला
तृणमूल के नए लोगो में राष्ट्रीय ध्वज पर हरे रंग में तृणमूल लिखा है। इसके ऊपर जोड़ा घास फूल की तस्वीर है और पीछे दो रिंग को शामिल किया गया है। छोटे रिंग को देखकर ऐसा लग रहा है मानो सूर्योदय हो रहा हो और इसकी छटा में पूरा आकाश सफेद रंग का दिख रहा है जबकि बाकी का हिस्सा नीले रंग का दिख रहा है। इसके चारो तरफ घिरे हुए एक और रिंग है जबकि नीचे टैग लाइन आमार, आपनार बांग्ला अंकित है।
नए लोगो की व्याख्या करते हुए पार्टी के एक नेता ने बताया कि यह पार्टी तो हमसे अधिक हम सबकी है, आपकी है, जनता की है। हमने देश की जनता के साथ अपनी आंतरिक भावना को जोड़ने का काम किया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को ही पार्टी से संबंधित 42 फेसबुक पेजों पर नए लोगो को प्रोफाइल पिक्चर के तौर पर इस्तेमाल किया गया है। केवल फेसबुक ही नहीं नेताओं ने अन्य सोशल नेटवर्किग साइट मसलन ट्वीटर, इंस्टाग्राम आदि पर भी नए लोगो को प्रोफाइल फोटो के तौर पर लगाया है। इनमें ममता बनर्जी से लेकर अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन जैसे नेताओं का नाम शामिल है।
बुधवार से जिला स्तरीय नेताओं की ओर से नए लोगो के इस्तेमाल किए जाने की जानकारी दी गई है।
पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि वर्तमान में देश भर में सबसे अधिक युवा सोशल साइट पर सक्रिय हैं। ऐसे में चुनाव से ऐन पहले पार्टी का लोगो बदलने से अधिक से अधिक लोगों के बीच पार्टी की पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।
सोशल साइट पर इसके प्रचार-प्रसार से लोग एक बार के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर जरूर ध्यान देंगे। दरअसल कोई भी चीज कितनी भी अच्छी क्यों ना हो लेकिन पुरानी होने के बाद लोग धीरे-धीरे उस ओर आकर्षित होना छोड़ देते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए पार्टी ने लोकसभा चुनाव से पहले लोगो बदला है।
