सनलाइट, कोलकाता। कलकत्ता नगर निगम के चुनाव का बिगुल बज चुका है और अधिकतर राजनीतिक दलों द्वारा अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। सभी प्रत्याशी या प्रत्याशी पद के दावेदार ताल ठोकते हुए चुनावी मैदान में कूद चुके हैं।
चुनावी अखाड़े की इस कड़ी में हम चर्चा कर रहे हैं वार्ड 22 की। वृहत्तर बड़ाबाजार के वार्ड 22 को भाजपा का गढ़ माना जाता है। इस वार्ड से मीनादेवी पुरोहित लगातार 5 जीत दर्ज कर चुकीं है। हालांकि अभी तक भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नही की है लेकिन प्रबल दावेदार होने के कारण वर्तमान कोर्डिनेटर मीनादेवी को टिकट मिलना तय माना जा रहा है।
जहां इस वार्ड से तृणमूल कांग्रेस ने स्वयं प्रकाश पुरोहित को टिकट दिया है वहीं कांग्रेस ने नागेश सिंह को उम्मीदवार बनाया है। तृणमूल कांग्रेस ने इस वार्ड में ब्राह्मण चेहरे को मैदान में उतार कर कड़ा मुकाबला करने की कोशिश की है।
यदि स्थानीय लोगों की चर्चाओं पर ध्यान दिया जाए तो मीनादेवी पुरोहित का पलड़ा भारी है। उपमेयर रह चुकीं मीनादेवी ने 2015 के निगम चुनाव में पूर्व विधायक और तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी दिनेश बजाज को हरा कर जीत दर्ज की थी।
