केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि 33 दिन के बाद देश में फिर से एक दिन में 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आने शुरू हुए हैं। 26 दिसंबर के बाद से रोज 10 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं।
आठ जिलों में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से भी ज्यादा
संयुक्त सचिव ने बताया कि आठ जिलों में साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 10 फीसदी से अधिक दर्ज की गई है। इनमें से छह जिले मिजोरम के हैं, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और एक जिला अरुणाचल प्रदेश का है। कोलकाता में 12.5 प्रतिशत पॉजिटिविटी दर्ज की गई है।
14 जिलों में यह दर पांच से 10 फीसदी के बीच है। साप्ताहिक कोविड-19 मामलों और संक्रमण दर के आधार पर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात चिंता वाले राज्य व केंद्र शासित प्रदेश बनकर उभर रहे हैं
महाराष्ट्र और केरल में 10 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले
अग्रवाल ने कहा, महाराष्ट्र और केरल में 10 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। कुल पॉजिटिविटी रेट 0.92 फीसदी है। महाराष्ट्र में नौ दिसंबर के सप्ताह में पॉजिटिविटी दर 0.76 फीसदी थी, एक महीने में यह करीब 2.59 फीसदी हो गई है। पश्चिम बंगाल में भी केस पॉजिटिविटी में बढ़ोतरी दर्ज की दई है। यह पहले 1.61 फीसदी थी जो अब लगभग 3.1 फीसदी है।पिछले सप्ताह देश में औसतन 8000 से ज्यादा मामले प्रतिदिन दर्ज किए गए।