साल 2022 की 22 बड़ी घटनाएं

देश

अच्छी-बुरी यादों के साथ वर्ष 2022 खत्म हो गया। अब नया साल 2023 नई आशाओं को लिए शुरू हो रहा है। लेकिन अगर इस बीते हुए साल पर एक नजर डालें तो कुछ ऐसी बड़ी घटनाएं घटित हुईं, जो इतिहास बन गई। हम देखेंगे साल 2022 की 22 घटनाओं को। साल की शुरुआत में एक बहुत बड़ी घटना से सबको हैरान कर दिया। जब लोग साल 2022 की शुरुआत का जश्न मना रहे थे और इस मौके पर माता वैष्णो देवी धाम दर्शन के लिए पहुंचे, तो साल के पहले ही दिन दुखद हादसा हुआ। एक जनवरी 2022 को वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मच गई। इस दौरान 12 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए।

भारत की 2022 की उपलब्धियां

वर्ष 2022 भारत के लिए कई उपलब्धियों से भरा रहा। इस वर्ष भारत ने कई क्षेत्रों में बड़े-बड़े मुकाम हासिल किए हैं। भारत को G-20, SCO और UNSC जैसे विश्व के तीन बड़े वैश्विक संगठनों की कमान संभालने का मौका मिला। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने 16 नवंबर, 2022 को जी-20 की अध्यक्षता आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सौंप दी। जी-20 के साथ ही साथ यूएनएससी की भी अध्यक्षता मिलने से विश्व में भारत का कद काफी बढ़ गया है। भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अपने दो वर्ष के कार्यकाल में दिसंबर 2022 में दूसरी बार अध्यक्ष बना।

देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति

द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनीं। उनका मुकाबला विपक्षी गठबंधन उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से था। हालांकि, बीजेपी और उसके सहयोगी दलों की संख्या को देखते हुए यह तय था कि द्रौपदी मुर्मू ही देश की राष्ट्रपति बनेंगी। आदिवासी समुदाय से आने वाली द्रौपदी मुर्मू इससे पहले झारखंड की राज्यपाल और ओडिशा सरकार में मंत्री रह चुकी थीं।

साल 2022 और पश्चिम बंगाल

साल 2022 पश्चिम बंगाल की राजनीती के लिए भी ख़ास रहा। बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने नेताओं के पार्टी छोड़कर जाने और चुनावी झटकों का सामना किया। टीएमसी के लिए यह वर्ष चुनावी लिहाज से लाभदायक रहा, क्योंकि पार्टी ने आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट के उपचुनावों में जीत दर्ज की, जबकि फरवरी में हुए निकाय चुनावों में विजय हासिल हुई।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस के लिए बिता साल आंतरिक और बाहरी, दोनों तरह से चुनौतीपूर्ण रहा। इस वर्ष की शुरुआत में वरिष्ठ नेताओं और नयी पीढ़ी के नेताओं के बीच टकराव हुआ। पार्टी की छवि बुरी तरह से प्रभावित हुई है। एसएससी घोटाला, मवेशी तस्करी घोटाला और कोयला घोटाला के मामलों में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच ने टीएमसी नेतृत्व को व्यस्त रखा।

तृणमूल कांग्रेस को जुलाई में तब एक झटका लगा, जब उसके महासचिव एवं उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी को ईडी ने एसएससी घोटाले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया था। चटर्जी की गिरफ्तारी उनके एक करीबी सहयोगी के आवास से नकदी की बरामदगी के बाद की गई। इस सिलसिले में पार्टी के एक अन्य विधायक एवं एसएससी के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य को भी गिरफ्तार किया गया है।चटर्जी को पार्टी से निलंबित करने और उन्हें मंत्री पद से हटाने के बाद, टीएमसी ने मंत्री परिषद के लगभग आधे सदस्यों के विभागों में फेरबदल किया और बाबुल सुप्रियो सहित कई नए चेहरों को शामिल किया। सुप्रियो पिछले वर्ष भाजपा से तृणमूल कांग्रेस में आए थे।

तृणमूल कांग्रेस को तब एक और झटका लगा, जब उसके बीरभूम जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल को पशु तस्करी मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, चटर्जी के मामले के विपरीत, पार्टी मंडल के साथ खड़ी रही और उनकी गिरफ्तारी को एक साजिश करार दिया।राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने और भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के टीएमसी के प्रयासों को गोवा विधानसभा चुनावों में उसके खराब प्रदर्शन के बाद झटका लगा।वहीं, उप-राष्ट्रपति चुनाव में मतदान से दूर रहने के पार्टी के फैसले ने कई लोगों को चौंका दिया।

मनोरंजन जगत

साल 2022 में मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने दुनिया को अलविदा कह दिया। चाहे वो अभिनेता हो या गायक कई नामों ने साथ छोड़ दिया। इसी साल 6 फरवरी में स्वर कोकिला के नाम से मशहूर भारत रत्न लता मंगेशकर का निधन हो गया। उनका जाना संगीत और मनोरंजन जगत के लिए ही नहीं, बल्कि भारत के लिए एक बड़ी क्षति रहा। 92 साल की उम्र में लता जी ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

बप्पी लाहिरी, जिन्हें “डिस्को किंग” के रूप में भी जाना जाता है। उनका 15 फरवरी, 2022 को मुंबई में निधन हो गया। मशहूर कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज भी इस साल दुनिया से विदा हो गए। कथक में उनके योगदान के लिए बिरजू महाराज को कई अवॉर्ड्स से सम्मानित भी किया गया है। 1964 में उनको संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

साल की सबसे दुखद खबरों में से एक कृष्णकुमार कुन्नथ, जिन्हें केके के नाम से भी जाना जाता है, का 13 मई को अचानक निधन हो गया। वह 53 साल के थे। यह घटना कोलकाता में हुई थी, जहां दक्षिण कोलकाता में एक कॉलेज द्वारा आयोजित एक संगीत प्रोग्राम के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने दम तोड़ दिया। मूसेवाला को हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मार दी थी। उनके कुछ गानों में ‘तोचन’, ‘लीजेंड’, ‘गेम’ और ‘वार्निंग शॉट्स’ शामिल हैं। वह न केवल अपने मूल राज्य में बल्कि कनाडा, यूके और यूएस में पंजाबी डायस्पोरा में लोकप्रिय थे। मोईसेवाला ने ‘सो हाई’ गाने से तुरंत प्रसिद्धि हासिल की।

अपनी कॉमेडी से पूरे देश को गुदगुदाने वाले कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का भी 21 सितंबर 2022 को नई दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन हो गया। राजू ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ से मशहूर हुए थे। सिद्धांत वीर सूर्यवंशी 25 से अधिक हिंदी टेलीविजन शो में दिखाई दिए। कुसुम’, ‘कसौटी ज़िंदगी की’ और ‘कुमकुम’ जैसे सीरियल के भूमिकाओं के लिए लोकप्रिय हैं। 23 जुलाई, 2022 को उनका मुंबई में हार्ट अटैक निधन हो गया।

विक्रम गोखले एक प्रसिद्ध हिंदी सिनेमा, टेलीविजन और रंगमंच अभिनेता थे जो मराठी रंगमंच में अपने काम के लिए जाने जाते थे। इन्होंने 77 की उम्र में 26 नवम्बर 2022 को पुणे के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। दीपेश भान का जन्म 11 मई 1981 को दिल्ली में हुआ था। वह एक अभिनेता थे, जिन्हें भाभी जी घर पर है (2015) के लिए जाना जाता है। 23 जुलाई 2022 को मुंबई में उनका हार्ट अटैक से निधन हो गया। दीपेश भान को उनके ‘भाभी जी घऱ पर है’ के रोल से खूब पॉपुलैरिटी मिली।

मुलायम सिंह यादव का निधन

समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था । 83 साल के मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के पद पर रहे थे। राजनीति में उनका कद इतना बड़ा माना जाता है कि उनके निधन पर तमाम विपक्षी भी उनके पैतृक गांव पहुंचे।

सात राज्यों के चुनाव

राजनीति के क्षेत्र में साल 2022 बहुत महत्वपूर्ण रहा। इस साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और मणिपुर के चुनाव परिणाम देश की राजनीति के लिए एक नई दिशा बने। यूपी और उत्तराखंड में भाजपा की वापसी हुई। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने विपक्ष का सफाया कर दिया। गोवा और मणिपुर में भी भाजपा सत्ता में आई। साल के अंत में हिमाचल प्रदेश, गुजरात विधानसभा में चुनाव परिणाम आए। गुजरात में भाजपा दोबारा सत्ता में आई और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी।

अपराध

साल के अंत में अपराध की सबसे बड़ी घटना सामने आई। दिल्ली के महरौली में हुए श्रद्धा हत्याकांड ने सभी का दिल दहला दिया। लिवइन में रहने वाली श्रद्धा की हत्या करके उसके शव के कई टुकड़े किए गए। श्रद्धा की हत्या का आरोप उसी के बॉयफ्रेंड आफताब पर लगा है। फिलहाल आफताब तिहाड़ जेल में बंद है। इसके अलावा चाहे राजस्थान में कन्हैया लाल की हत्या का मामला हो या फिर महाराष्ट्र में उमेश कोल्हे हत्याकांड ये सभी चर्चा का विषय रहे।

नूपुर शर्मा विवाद

बीजेपी की प्रवक्ता रहीं नूपुर शर्मा ने एक टीवी चैनल पर डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो चौतरफा आलोचना होने लगी. शुरुआत में तो बीजेपी ने इससे पल्ला झाड़ने की कोशिश की. बाद में मामला अंतरराष्ट्रीय हो गया और कई इस्लामिक देशों ने भारत पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. आखिर में बीजेपी ने नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया. इसी केस में कई अतिवादी संगठनों ने नूपुर शर्मा को जान से मारने की धमकी भी दी. बाद में नूपुर शर्मा ने अपने बयान पर माफी मांग ली.

मोरबी ब्रिज हादसा

गुजरात के मोरबी में 30 अक्टूबर को एक भयानक हादसा हुआ। नदी पर बना केबल ब्रिज अचानक टूट गया। इस दौरान ब्रिज पर सैकड़ों लोग मौजूद थे। इसमें 140 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घटनास्थल पर पहुंचे। पीएम मोदी ने हादसे में घायल हुए लोगों से अस्पताल में मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

देवघर रोपवे हादसा

साल 2022 में देवघर में हुए त्रिकूट रोपवे हादसा अब भी लोगों के जहन में है। इस हादसे में कुछ लोगों की जान चली गई तो कुछ ऐसे हैं जो मौत से रूबरू हुए हैं।

पीएम की सुरक्षा में चूक

किसान आंदोलन खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर में पहली रैली थी। हुसैनीवाला में शहीद स्मारक से करीब 30 किलोमीटर पहले किसान प्रदर्शनकारियों ने मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इससे PM का काफिला एक फ्लाईओवर पर 15-20 मिनट तक फंसा रहा। PM रैली रद्द कर बठिंडा एयरपोर्ट वापस लौट गए और पंजाब की तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अपने CM को मेरा शुक्रिया कहना कि मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा पहुंच सका।

खेल जगत

खेल जगत के लिए साल 2022 सदमे वाला रहा। इसी साल क्रिकेटर एंड्र्यू सायमंड्स, शेन वार्न और दिग्गज फुटबॉलर पेले जैसे महान खिलाड़ियों ने दुनिया को अलविदा कह दिया।

भारतीय क्रिकेट टीम और साल 2022

भारतीय क्रिकेट के लिए 2022 साल कुछ खास नहीं रहा। यह पूरा साल भारतीय क्रिकेट परिवर्तन के दौर से ही गुजरता रहा जिसमें उसे कुछ निराशाजनक परिणाम भी मिले। भारतीय टीम कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। शुरुआत दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज की हार से हुई जिसके बाद कोहली ने लंबे प्रारूप की कप्तानी छोड़ दी। इस बीच भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से भी उनके अच्छे संबंध नहीं रहे तथा उन्हें वनडे की कप्तानी से हटा दिया गया। यह सब जनवरी में हुआ और साल के समाप्त होने तक कोहली के उत्तराधिकारी रोहित शर्मा से टी20 टीम की कप्तानी लगभग चली सी गई है उनकी जगह हार्दिक पंड्या को सबसे छोटे प्रारूप का कप्तान बनाया जाने लगा है। रोहित को टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार का खामियाजा भुगतना पड़ा। टीम ने बड़े टूर्नामेंट हारे भी। वहीं महिला क्रिकेट में लगभग दो दशक तक भारतीय टीम के मुख्य अंग रही मिथाली राज और झूलन गोस्वामी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा।

रूस यूक्रेन युद्ध

वैश्विक पटल पर इस साल की सबसे बड़ी घटना फरवरी में रूस यूक्रेन युद्ध का आगाज था। इस हमले में दोनों ओर से हजारों लोगों की जानें जा चुकी हैं। युद्ध अब भी जारी है और इसके खत्म होने के आसार भी नहीं दिख रहे हैं। इस युद्ध की जड़ यूक्रेन का नाटो (NATO)में शामिल होने का फैसला था जिस पर रूस को सख्त आपत्ति थी। युद्धकी वजह से पूरी दुनिया में महंगाई, खाद्य संकट औरआर्थिक मंदी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

एलिजाबेथ द्वितीय ने कहा अलविदा

70 साल के शासन के बाद यूनाइटेड किंगडम और 14 अन्य राष्ट्रमंडल क्षेत्रों की रानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 8 सितंबर को दुनिया को अलविदा कहा। क्वीन एलिजाबेथ ब्रिटेन पर सबसे लंबे समय तक राज करने वाली साम्राज्ञी थीं। ब्रिटेन की महारानी के पद पर उनकी ताजपोशी साल 1952 में हुई थी। वो 70 साल तक इस पद पर बनी रहीं। सिर्फ 25 साल की उम्र में ब्रिटेन की राजगद्दी संभालने वाली एलिजाबेथ ने तीन बार भारत का दौरा किया था। 1961, 1983 और 1997 में वो भारत आई थीं।

ऋषि सुनक ने रचा इतिहास

भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने इतिहास बनाते हुए ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री का पद संभाला। ब्रिटेन की सियासत के लिए साल 2022 भारी उथल-पुथल से भरा रहा। कंजर्वेटिव पार्टी ने लंबी चुनावी प्रक्रिया के बाद लिज ट्रस को प्रधानमंत्री चुना लेकिन गलत आर्थिक नीतियों से ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था संकट में फंस गई। महज 45 दिनों के अंदर लिज ट्रस को पीएम का पद छोड़ना पड़ा। जिसके बाद भारतवंशी ऋषि सुनक का प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हुआ। ऋषि सुनक ब्रिटेन का पीएम बनने वाले पहले हिंदू और भारतवंशी बने। ऋषि सुनक पहले ऐसे भारतवंशी हैं, जिन्होंने यूके सरकार का सबसे बड़ा पद संभाला है।

श्रीलंका का आर्थिक संकट

श्रीलंका अब भी आर्थिक संकट के चंगुल से निकल नहीं पाया है। मार्च आते-आते बिजली कटौती इतने बड़े स्तर पर बढ़ गई कि लोगों ने राष्ट्रपति से इस्तीफा देने की मांग की। 18 अप्रैल को तत्कालीन राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने 17 कैबिनेट मंत्रियों की नियुक्ति की। 9 मई आते-आते सरकार समर्थक और विरोधियों के बीच कोलंबो समेत देश के अन्य हिस्सों में झड़प शुरू हो गई। 13 मई को, रानिल विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे द्वारा श्रीलंका के 26वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। 9 जून को, श्रीलंका ने संयुक्त राष्ट्र से 47.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर कि सहायता प्रदान करने की अपील की। 9 जुलाई को कोलंबो में तत्कालीन राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के सरकारी आवास में प्रदर्शनकारियों के घुसने के बाद वह अपने आवास से भाग गए। 15 जुलाई को, श्रीलंका कि संसद के अध्यक्ष महिंदा यापा अबेवर्धने ने घोषणा की कि उन्हें राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे का इस्तीफा मिल गया है। गोटबाया राजपक्षे द्वारा इस्तीफा देने के बाद श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने देश के कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।

ईरान में हिजाब विवाद

ईरान में हिजाब न पहनने के कारण पुलिस की बर्बरता का शिकार हुई एक 22 वर्षीय छात्रा महसा अमीनी की मौत से इस कट्टर इस्लामिक देश में विरोध-प्रदर्शनों की क्रांति आ गयी। ईरान का हिजाब विरोधी आंदोलन साल भर सुर्खियों में रहा। 22 साल की महसा अमीनी के हिजाब नहीं पहनने पर उन्हें मॉरल पुलिस ने इतना प्रताड़ित किया। कि उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ईरान में हिजाब विरोधी आंदोलन ने जोर पकड़ लिया। देश भर में महिलाओं ने बाल काटे और हिजाब को आग के हवाले करने लगी। ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता खामनेई से इस्तीफे की मांग होनी लगी। वहीं इस विद्रोह को निर्ममतापूर्वक कुचलने के दौरान कई लोगों की मौत हो गई, कई गिरफ्तारियां हुईं।

दुनिया की आबादी 8 अरब

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़े के मुताबिक़ 15 नवंबर 2022 के दिन दुनिया की आबादी 8 अरब हो गई। उस दिन जारी अपने बयान में यूएन ने कहा, ‘धरती की आबादी में इस अभूतपूर्व वृद्धि की मुख्य वजह इंसानों की आयु पहले के मुकाबले अधिक बढ़ना है। इंसानों की उम्र अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, खान-पान, व्यक्तिगत साफ-सफाई और दवाओं की वजह से पहले के मुक़ाबले बढ़ी है। इसकी दूसरी वजह कई देशों में लगातार जन्मदर का बढ़ाना भी है। हालांकि संयुक्त राष्ट्र ने ये भी कहा कि हमारी आबादी आठ अरब से नौ अरब होने में 15 साल लगेंगे। आबादी के सात अरब से आठ अरब होने में 12 साल का वक्त लगा, लेकिन उसके मुक़ाबले जनसंख्या बढ़ने की रफ़्तार आगे थोड़ी धीमी होगी।

5G लॉन्च

1 अक्टूबर 2022 को भारत में 5G नेटवर्क की औपचारिक शुरुआत की गई। इंडियन मोबाइल कांग्रेस के छठे संस्करण में शामिल होने पहुंचे पीएम मोदी ने 5G को लॉन्च किया। इसके बाद कई कंपनियों ने कुछ महानगरों में 5G सेवाएं शुरू कर दी हैं। 5G स्पेक्ट्रम की नीलामी में रिलायंस जियो ने सबसे बड़ी बोली लगाई थी। आने वाले साल में 5G नेटवर्क देश के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच जाएगा। कहा जा रहा है कि इसकी स्पीज 4G की तुलना में लगभग 100 गुना ज्यादा होगी।

एलन मस्क ने ख़रीदा ट्विटर

इस साल की सबसे चर्चित डील एलन मस्क और माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर की रही। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने 44 बिलियन डॉलर में ट्विटर को खरीदा और उसके बाद कंपनी में कई तरह के बदलाव किए। इसके लिए एलन मस्क और ट्विटर कंपनी के बीच काफी बहसबाजी भी हुई। यहां तक कि कंपनी एलन मस्क को कोर्ट ले गई लेकिन आखिर में एलन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर को खरीद लिया और पराग अग्रवाल को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

Share from here