कोलकाता। सॉल्टलेक स्थित ऐतिहासिक बीएसएनएल बिल्डिंग में सोमवार रात आग लग गई। अग्निशमन विभाग की 17 गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन आग बढ़ती जा रही है। सूचना मिलने के बाद राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस के साथ अग्निशमन विभाग के डीजी जगमोहन भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि अग्निशमन कर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। उम्मीद है जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा। सुजीत बोस ने दावा किया कि इमारत में अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 13 नम्बर टैंक इलाके में स्थित ऐतिहासिक बीएसएनएल भवन में रात 9:15 बजे के करीब आग लगी। सूचना मिलने पर एक के बाद एक अग्निशमन विभाग की 17 गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। इसके अलावा सिविल डिफेंस के कर्मी भी अग्निशमन कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस इमारत में आग लगी है उसके ऊपरी मंजिल पर कई लोग फंसे हुए हैं। मौके पर पहुंचने के बाद ही अग्निशमन मंत्री सुजीत बसु ने केंद्र सरकार और बीएसएनएल को दोषी ठहराना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा है कि जिस इमारत में आग लगी है उसका नक्शा बीएसएनएल के अधिकारियों के पास ही नहीं है। इसलिए इमारत के अन्दर घुसकर आग बुझाने में समस्या हो रही हैं। फिर भी अग्निशमन कर्मी आग बुझाने की कोशिश में जुटे हैं।
