लोकनाथ मंदिर भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई, कई घायल

बंगाल
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari

उत्तर 24 परगना के बसीरहाट के कोचुआ के लोकनाथ मंदिर में जन्माष्टमी पर जल अर्पण के दौरान दीवार गिरने से मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़ कर तीन हो गई है।

मृतकों में दो महिलायें

इनकी पहचान उत्तर 24 परगना जिले के राजारहाट नाई पुकुर की रहने वाली पुर्णिमा गड़ाई, बसीरहाट के स्वरूप नगर थाना अंतर्गत दत्तापारा की रहने वाली अपर्णा सरकार तथा हासनाबाद थाना इलाके के रहने वाले तरुण मंडल के तौर पर हुई है। पुर्णिमा गड़ाई की मौत मौके पर ही हो गई थी जबकि अन्य दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस का दावा है कि घटना में 16 अन्य लोग घायल हैं। घटना शुक्रवार की है। पुलिस ने बताया कि लोकनाथ मंदिर में इतनी अधिक भीड़ थी कि मंदिर की एक दीवार टूट कर लोगों पर गिर पड़ी। इसकी चपेट में आने की वजह से मची भगदड़ में कई लोग घायल हो गए।

इन्हें कोलकाता के सीएनएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई और लोगों को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं लेकिन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की नौबत नहीं आई।

घायलों से मिलने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अस्पताल पहुंचीं

घायलों से मिलने के लिए शुक्रवार की सुबह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अस्पताल पहुंचीं। वहां उन्होंने मृतक के परिजनों को पांच लाख की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों के परिजनों को एक लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। सीएम ने हादसे पर दुख जताया है।

जन्माष्टमी के मौके पर हर साल कोचुआ के लोकनाथ मंदिर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। यहां बाबा लोकनाथ की मूर्ति पर जल अर्पण किया जाता है। इसके लिए राज्य के कोने-कोने से लोगों इकट्ठा होते हैं। इस बार भी गुरुवार रात से ही भीड़ एकत्रित होने लगी थी।

घटना के समय तक इतनी अधिक भीड़ हो गई थी कि पुलिस के लिए उसे संभालना मुश्किल हो गया था। लोग मंदिर की उस दीवार पर शरीर टिका कर खड़े हुए थे, जिसके दूसरी तरफ एक तालाब था। अचानक दीवार टूट कर गिर गई। इसकी वजह से कुछ लोग तालाब में गिरे तो कुछ लोग दीवार की चपेट में आ गए।

अचानक हुई इस घटना की वजह से भगदड़ मच गई और उसकी चपेट में भी कई लोग आ गए।

सरकारी तौर पर तो केवल 3 की मौत की पुष्टि की गई है लेकिन स्थानीय सूत्रों का दावा है कि पांच लोगों की मौत हुई है जबकि 27 अन्य लोग घायल हैं।

मंदिर की दीवार कैसे गिरी?

इसकी जांच में पुलिस की टीम जुट गई है। आपदा प्रबंधन और नगरपालिका की टीम मौके पर है। मलबे को हटाया जा रहा है। हालांकि इस दुर्घटना के बावजूद लोकनाथ मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है और लोग जलाभिषेक कर रहे हैं। सावधानी बरतते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और अधिक बढ़ा दी गई है। दक्षिण बंगाल के एडीजी और प्रेसिडेंसी रेंज के डीआईजी मौके पर पहुंचे हैं।

Share from here