कोलकाता। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सन्मय बनर्जी को ममता सरकार के खिलाफ लिखने के कारण गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अभिव्यक्ति की आजादी पूरी तरह से खत्म हो चुकी है और ममता बनर्जी तानाशाह की तरह सरकार चला रही हैं।
बहरामपुर के सांसद चौधरी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया से यह बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि सन्मय बनर्जी की गिरफ्तारी शीर्ष स्तर पर असहिष्णुता का उदाहरण है। उनको राज्य सरकार की आलोचना करने पर उनके घर से गिरफ्तार किया गया।
भाषण एवं अभिव्यक्ति की आजादी पर तृणमूल कांग्रेस का ऐसा मनमाना प्रहार हमें सरकार की आलोचना से रोक नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर ममता सरकार के अलोकतांत्रिक प्रहार की आलोचन करते हैं।
राज्य विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के मुख्य सचेतक निर्मल घोष ने कहा कि सन्मय को गिरफ्तार किया गया है क्योंकि उन पर कई आपराधिक आरोप हैं। उसका राज्य सरकार की आलोचना से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा ने गुरुवार को संमय की गिरफ्तारी पर राज्य सरकार की निंदा की थी।
उल्लेखनीय है कि सन्मय बनर्जी को उत्तर 24 परगना जिले में स्थित उनके आवास से गुरुवार रात पुरुलिया जिला पुलिस की साइबर टीम ने गिरफ्तार किया है।