Gold Recovery – पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त कार से 10 सोने के बिस्किट बरामद किए जिसकी कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये है।
Gold Recovery
घटना यूपी के कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 171.200 के पास एक ब्रेजा कार ने पुलिस की सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस को कार करीब 100 मीटर आगे खड़ी मिली। कार में दो लोग सवार थे, जिन्होंने अपना नाम संदीप जायसवाल और सरोज पन्त बताया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो एक बैग से पीली धातु के 10 बिस्किट मिले। जांच में यह 24 कैरेट शुद्ध सोना निकला। इसका कुल वजन 10 किलो 26 ग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों लोग सोने से संबंधित बिल और वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। मामले की जानकारी जीएसटी और कस्टम विभाग को दी गई। दोनों विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, बरामद सोना कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। अब मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कस्टम विभाग करेगा।
