Camac Street – कैमक स्ट्रीट पिछले कुछ दिनों से चर्चा में बना हुआ है। टीएमसी के बिलबोर्ड खोलने पहुँचे निगम और पुलिस अधिकारी से हुई धक्कामुक्की मामले में पूछताछ का दौर चल ही रहा है।
Camac Street
इसी बीच अभिषेक बनर्जी के ऑफिस में हमले और तोड़-फोड़ के आरोप सामने आए। आरोप है कि गुरुवार तड़के कुछ उपद्रवी ऑफिस में घुस आए और तोड़-फोड़ की।
कालीघाट तृणमूल का दावा है कि ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। अभिषेक बनर्जी ने घटना का CCTV फुटेज जारी किया है और इसकी कड़ी निंदा की है।
साथ ही, उन्होंने सत्ताधारी पार्टी की विरोधी BJP पर निशाना साधते हुए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
इसके जवाब में, भाजपा विधायक सजल घोष ने बीजेपी की किसी भी भूमिका से इनकार करते हुए कहा कि पूरी घटना पहले से रची गई थी।
इस बीच, पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर छह लोगों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर अभिषेक ने लिखा, “आज सुबह कैमक स्ट्रीट पर जो हुआ, वह कानून के शासन पर एक शर्मनाक और बेखौफ हमला है।”
उन्होंने आरोप लगाया, “सुबह करीब 4:30 बजे, हथियारों से लैस बीजेपी के गुंडे जबरन कोलकाता के बीचों-बीच हमारे पार्टी ऑफिस में घुस आए।
हमारे स्टाफ के साथ मारपीट की गई, उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए, फर्नीचर तोड़ दिए गए, पूरे ऑफिस में तोड़-फोड़ की गई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नष्ट कर दिए गए।”
अभिषेक बनर्जी ने यह भी दावा किया कि बार-बार कोशिश करने के बावजूद घटना के तुरंत बाद पुलिस से संपर्क नहीं हो पाया; इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर राज्य प्रशासन की कड़ी आलोचना की।
