sunlight news

रिया के समर्थन में कोलकाता की सड़कों पर उतरी कांग्रेस

कोलकाता
कोलकाता। सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती की ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के निर्देश पर शनिवार को कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रैली निकाली गयी। 
विधान भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से वेलिंगटन तक निकाली गई इस रैली का नेतृत्व विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक और प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मनोज चक्रवर्ती ने किया। इसके अलावा रैली में विधायक असित मित्र, रिजु घोषाल, सुमन पाल, महेश शर्मा, प्रीतम घोष, प्रदीप प्रसाद, सौरभ प्रसाद सहित राज्य और जिले के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
 इन नेताओं का कहना था कि रिया चक्रवर्ती बंगाल की बेटी हैं और उन्हें साजिश के तहत राजनीति का शिकार बनाया जा रहा है। उन्हें फंसाया गया है, पार्टी उन्हें फंसने नहीं देगी। इसीलिए उनके पक्ष में रैली निकाली गई है। 
उल्लेखनीय है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती की भूमिका लगातार सवालों के घेरे में है। क्योंकि रिया बंगाली हैं और उनका सरनेम चक्रवर्ती है इसलिए सोशल साइट पर बंगाल की लड़कियों को लेकर लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट किए जा रहे हैं। इस वजह से बंगाल में ऐसे माहौल को लेकर रोष बढ़ रहा है। इस बीच रिया के समर्थन में कांग्रेस के उतरने के बाद माना जा रहा है कि राज्यभर से रिया के लिए आवाज उठ सकती है।
Share from here