sunlight news

यात्रियों ने तीन रेलवे स्टेशनों पर रोकी स्पेशल लोकल ट्रेन

बंगाल
हुगली। हावड़ा-बैंडेल शाखा के यात्रियों ने वैद्यबाटी, शेवड़ाफूली और रिसड़ा स्टेशनों पर स्टाफ स्पेशल ट्रेनों को रोक दिया। सबसे पहले सोमवार सुबह वैद्यबाटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से लोकल ट्रेन रोक दी। लोकल ट्रेन रोके जाने की खबर के बाद बड़ी संख्या में रेल पुलिस के जवान वैद्यबाटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और रेल की पटरी पर बैठे यात्रियों से रेलवे ट्रैक खाली करने का अनुरोध किया लेकिन ट्रैक पर बैठे यात्रियों ने रेल पुलिस की एक न सुनी और वे पटरी से नहीं हटे।
रेल पुलिस रेलवे ट्रैक पर बैठे यात्रियों से अनुरोध करती रही लेकिन बहुत देर बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ।
इसके बाद शेवड़ाफूली स्टेशन पर भी लोकल ट्रेन रोके जाने को खबर मिली। यहां रेल पुलिस के जवानों की मुस्तैदी से तकरीबन 40 मिनट पर रेल अवरोध हट गया। लेकिन इसी बीच रिसड़ा में भी रेल यात्रियों ने लोकल ट्रेन रोक दी।
विशेष ट्रेन से रेल पुलिस के जवानों की एक टुकड़ी रिसड़ा स्टेशन पहुंची और रेल यात्रियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन रेल अवरोध कर रहे यात्रियों ने रेल पुलिस की बात नहीं मानी और रेल अवरोध चलता रहा। इस प्रकार वैद्यबाटी और रिसड़ा में रेल यात्रियों से सुबह से देर दोपहर तक ट्रेन रोके रखा।
रिसड़ा में अप/डाउन और अप ट्रैक पर घंटों लोकल ट्रेन खड़ी रही। धीरे-धीरे इन लोकल ट्रेनों में सवार यात्रियों ने भी अपना धैर्य खो दिया और ट्रेन से उतरकर यातायात के अन्य साधनों से अपने अपने गंतव्य पर रवाना हुए। वहीं रेल पुलिस ट्रैक पर बैठे यात्रियों के सामने लाचार दिखी। कई बार वे रेलवे ट्रैक पर बैठे यात्रियों के पास रेलवे ट्रैक खाली करने के आवेदन के साथ गए लेकिन यात्रियों ने रेलवे ट्रैक खाली नहीं किया। जिसके बाद रिसड़ा स्टेशन पर माइक से घोषणा भी की गई कि यात्री स्पेशल लोकल ट्रेनों से यात्रा कर सकते हैं। हावड़ा में उन्हें कोई परेशान नहीं करेगा। लेकिन यात्रियों की मांग थी कि लोकल ट्रेनें चलेंगी तो सबके लिए चलेंगी। सिर्फ रेलवे स्टाफ के लिए वे किसी भी हालत में लोकल ट्रेन चलने नहीं देंगे। रेलवे को यह लिखित में देना होगा कि स्टाफ स्पेशल ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशान नहीं किया जाएगा।
सोमवार शाम साढ़े तीन बजे तक रिसड़ा और वैद्यबाटी में रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शनकारी डटे हुए थे और रेल पुलिस हाथों में डंडे लिए अपने धैर्य की परीक्षा दे रही थी। 
Share from here