कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर लेक टाउन में हमला हुआ है। यह घटना शुक्रवार सुबह की है। हमले में पार्टी के दो कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हे अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगाकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
पार्टी की ओर से बताया गया कि घोष सुबह मॉर्निंग वॉक और चाय पर चर्चा के लिए गए थे। उनके साथ पार्टी के कार्यकर्ता और नेता उपस्थित थे। एक जगह बैठकर वो लोगों से बातचीत कर रहे थे तभी सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ता आए और उनपर हमला कर दिया। हालांकि दिलीप घोष को चोट नहीं आई है लेकिन उन्हें बचाने की कोशिश में भाजपा के दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष मेदनीपुर से सांसद भी हैं। उन्हें केंद्रीय सुरक्षा मिली हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर एकत्रित हो गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर इसके पहले भी कई बार हमले होते रहे हैं। हुगली, बीरभूमि, बांकुड़ा में भी उनपर इसी तरह से हमले हुए थे। अभी कुछ दिनों पहले उनके साल्टलेक स्थित आवास पर भी पथराव किया गया था।