कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद सबसे बड़ा जनाधार रखने वाले वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को लेकर एक और दिलचस्प मोड़ आ गया है। ममता कैबिनेट से इस्तीफा देने के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें सेंट्रल सिक्योरिटी दे दी है और यात्रा के लिए बुलेट प्रूफ गाड़ी भी उपलब्ध कराई है।
गृह मंत्रालय और शुभेंदु अधिकारी के करीबी सूत्रों ने सोमवार शाम इसकी पुष्टि कर दी है। इसके बाद से यह चर्चा और तेज हो गई है कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, जैसे ही राज्य की सुरक्षा आधिकारिक रूप से शुभेंदु छोड़ देंगे या वापस ले ली जाएगी, वैसी ही उन्हें केंद्रीय सुरक्षा दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, शुभेंदु मंगलवार को राज्य की सुरक्षा छोड़ सकते हैं। उस स्थिति में, उसे उस दिन से केंद्रीय सुरक्षा और बुलेटप्रूफ वाहन दिया जाएगा। उन्हें ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा देने की संभावना है। इससे पहले, तीन राज्य विभागों में मंत्री रहे शुभेंदु को पहले राज्य की ओर से जेड प्लस सुरक्षा दी गई थी। लेकिन उन्होंने मंत्रालय से इस्तीफा देने से ठीक पहले राज्य की सुरक्षा छोड़ दी थी। यद्यपि राज्य पुलिस ने उन्हें एक ‘महत्वपूर्ण व्यक्ति’ के रूप में संरक्षित किया है और अभी भी सुरक्षा दे रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, इस बार केंद्र ने उन्हें बुलेटप्रूफ वाहन सहित सुरक्षा प्रदान करने का फैसला किया है। बेशक, केंद्र के इस कदम को राजनीतिक हलकों के कुछ लोग ‘राजनीति संदेश’ के रूप में देख रहे हैं। उनके अनुसार, इस फैसले से स्पष्ट है कि शुभेंदु किस पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। संयोग से, जब तृणमूल नेता मुकुल रॉय ने पार्टी छोड़ दी थी, तो उन्होंने भी राज्य की सुरक्षा छोड़ दी थी। उसके बाद उन्हें केंद्रीय सुरक्षा भी दी गई थी। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, मुकुल के लिए बुलेटप्रूफ वाहन आवंटित नहीं किया गया था। उस मामले में शुभेंदु एक कदम आगे हैं।
