भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने गुरुवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग हमारे (कांग्रेस) अच्छे काम को याद कर रहे हैं। पूर्व पीएम ने कहा कि बीजेपी ने पीएम मोदी की सुरक्षा के मुद्दे पर पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और राज्य के लोगों का अपमान करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासन में अमीर लोग अमीर हो रहे हैं जबकि गरीब लोग गरीब हो रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इस सरकार का नकली राष्ट्रवाद जितना खोखला है, उतना ही खतरनाक है। इनका राष्ट्रवाद अंग्रेजों की बांटों और राज करो की नीति पर टिका है। संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा ह।
ये सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर भी पूरी तरह फेल साबित हुई है। वहीं उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान केंद्र सरकार की खराब नीतियों के कारण लोग आर्थिकता, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। 7.5 साल सरकार चलाने के बाद सरकार अपनी गलती मानने और सुधार करने की बजाए पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराने पर लगी है।
बिरयानी खाने से रिश्ते नहीं सुधरते
मनमोहन सिंह ने आगे कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार में आर्थिक नीति की कोई समझ नहीं है। मामला देश तक सीमित नहीं है। यह सरकार विदेश नीति पर भी विफल रही है। चीन हमारी सीमा पर बैठा है और उसे दबाने की कोशिश की जा रही है। राजनेताओं को गले लगाने से, या बिना निमंत्रण के बिरयानी खाने से रिश्ते नहीं सुधरते।
