लखनऊ। हाथरस प्रकरण को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर बना हुआ है। धरना प्रदर्शन से लेकर कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार को घेरने की कोशिश की जा रही है। वहीं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा सांसद राहुल गांधी के साथ राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के आज हाथरस जाने के कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। वहीं प्रदेश सरकार ने कांग्रेस नेताओं पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाते हुए पलटवार किया है।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि राजस्थान के अंदर जाने का शौक उनको नहीं पड़ा है। आप वहां जाइए जहां आपकी सरकार है। क्या हो रहा है वहां पर इसका जवाब देंगे प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी या शांत बैठे रहेंगे। दरअसल राजस्थान के बारां में दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आयी है।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आकर कांग्रेस नेता अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। कानून को हाथ में लेकर वह कानून व्यवस्था खराब न करें इसके लिए सरकार ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन को सख्त से सख्त आदेश दिए हुए हैं।
इसी बीच हाथरस की सभी सीमाएं सील कर दी है और धारा 144 लगा दी है। जनपद के पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के मुताबिक उन्हें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आने की उनके प्रोटोकॉल के तहत कोई जानकारी नहीं मिली है। हाथरस की सभी सीमाएं सील हैं। किसी को हाथरस की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। राजनीतिक लोगों के आगमन की वजह से भीड़ बढ़ सकती है। यहां पर कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उन्हें सीमाओं पर ही रोका जाएगा।
