sunlight news

शीलभद्र भी छोड सकते है ममता का साथ, शाह की मौजूदगी में थाम सकते है भाजपा का दामन

बंगाल
कोलकाता। जैसे-जैसे पश्चिम बंगाल में 2021 का विधानसभा चुनाव करीब आता जा रहा है वैसे-वैसे ममता बनर्जी कमजोर पड़ती जा रही हैं। शुभेंदु अधिकारी के बाद तृणमूल कांग्रेस के एक और विधायक शीलभद्र दत्त के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गयी हैं। वह बैरकपुर से विधायक हैं। इसी क्षेत्र से अर्जुन सिंह भाजपा के सांसद हैं।
अपनी पार्टी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए शीलभद्र ने पहले ही यह घोषणा की थी कि वह इस बार तृणमूल से चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके बाद से ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह पार्टी छोड़ सकते हैं। अब शीलभद्र के करीबी सूत्रों ने बताया है कि 19 दिसम्बर को जब अमित शाह पश्चिम बंगाल में रहेंगे तो उन्हीं के मंच पर शीलभद्र दत्त भी भाजपा में शामिल हो जाएंगे।
शीलभद्र लगातार पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बगैर उनकी कार्यशैली और पार्टी में मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी को अधिक अहमियत दिए जाने को लेकर सवाल खड़ा किया था। इसके अलावा कई मंचों से उन्होंने भाजपा के पक्ष में बयानबाजी की थी जिसके बाद उन्हें मनाने के लिए प्रशांत किशोर की टीम उनके घर गयी थी। लेकिन उन्होंने इसे लेकर भी नाराजगी जताई थी और कहा था कि बेहतर होता कि प्रशांत की टीम की जगह पार्टी का कोई नेता आता। 
Share from here