जम्मू-कश्मीर: मनोज सिन्हा ने ली उपराज्यपाल की शपथ

जम्मू कश्मीर

मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के रूप में शुक्रवार को शपथ ग्रहण कर ली है। शपथ के बाद उन्होंने कहा कि “किसी के साथ कोई पक्षपात नहीं होगा। संवैधानिक शक्तियों का उपयोग लोगों के कल्याण के लिए किया जाएगा। मैं लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी वास्तविक शिकायतों को सुना जाएगा और हम समाधान का रास्ता खोजने की कोशिश करेंगे। यहां विकास को आगे ले जाना ही मेरा उद्देश्य है।”

 

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “कश्मीर भारत का स्वर्ग है, मुझे यहां भूमिका निभाने का अवसर दिया गया है। 5 अगस्त एक महत्वपूर्ण तारीख है। जम्मू-कश्मीर मुख्यधारा में आया है। वर्षों के बाद यहां कई परियोजनाएं शुरू हुईं, मेरी प्राथमिकता उन परियोजनाओं को आगे ले जाना है।”

 

उल्लेखनीय है कि बुधवार को जीसी मुर्मू के इस्तीफे के बाद, मनोज सिन्हा के नाम का ऐलान किया गया था। इसके बाद गुरुवार को मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर पहुंचे और शुक्रवार को उन्होंने उपराज्यपाल पद की शपथ ली।

Share from here