वैश्विक मीडिया में छाए मोदी

देश

लोकसभा के चुनाव नतीजों के लिए गुरुवार को मतगणना रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बहुमत से काफी आगे निकलने पर दुनिया के प्रमुख समाचार माध्यमों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ की है।

राजग की जीत पर अखबार ‘द गार्डियन’ ने लिखा – भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भाजपा ने फिर कमाल किया।

अमेरिका के “द न्यूयॉर्क टाइम्स” ने लिखा है कि मोदी मजबूत छवि के कारण जीते। भाजपा के इस बड़े नेता को रोकना विपक्ष के लिए मुश्किल हुआ।

पाकिस्तान के द डॉन ने माना है कि मोदी की यह जीत पाकिस्तान विरोधी नीति पर मुहर है।

पाकिस्तान के न्यूज चैनल जियो टीवी ने अपनी वेबसाइट भारत के चुनाव पर टिप्पणी की – मोदी चुनाव प्रचार की शुरुआत में विधानसभा चुनाव में कुछ राज्य में हार और महंगाई-बेरोजगारी पर गुस्से के चलते दबाव में थे।

पुलवामा हमले के बाद यह अभियान भारत के परमाणु शक्ति संपन्न पड़ोसी पाकिस्तान के साथ रिश्तों की ओर मुड़ गया। इससे भाजपा को फायदा हुआ। भाजपा ने बेहद प्रभावी कैंपेनर मोदी की छवि का फायदा उठाया।

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा, ‘कुछ महीने जब मोदी आर्थिक मोर्चे पर संघर्ष कर रहे थे, तब जो नतीजे विश्लेषकों ने सोचे थे… यह जीत उससे कहीं ज्यादा प्रभावी होगी। हिंदू राष्ट्रवाद की राजनीति के ब्रॉन्ड बन चुके मोदी ने पूरी दुनिया में भारत की जो मजबूत छवि पेश करने की कोशिश की थी, उन्होंने देश के 91 करोड़ मतदाताओं को पूरी तरह प्रभावित किया। मोदी ने कर ढांचे को सरल करते हुए भ्रष्टाचार पर नकेल कसी।

बीबीसी वर्ल्ड ने कहा- लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी की ऐतिहासिक जीत हुई। उनपर भारत को बांटने के आरोप लगे लेकिन नतीजे दिखा रहे हैं कि उनकी ध्रुवीकरण वाली छवि को लोगों ने पसंद किया।

सीएनएन ने टिप्पणी की है कि पिछली बार मोदी का नारा था-सबका साथ-सबका विकास। इस बार उन्होंने खुद को चौकीदार कहा। उन्होंने प्रभावी तौर पर खुद को देश का रक्षक दिखाया। यह एक बहुत ही अलग संदेश है। एक चीज जिसने मोदी को 2014 में बेहद लोकप्रिय बनाया, वह थी अर्थव्यवस्था के लिए किए गए उनके वादे। ना केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में इसीलिए उन्हें इतनी गंभीरता से लिया जाता है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *