‘भारत को मदर ऑफ डेमोक्रेसी कहा जाता है’, जर्मनी में भारतीयों को संबोधित करते हुए बोले पीएम मोदी

देश विदेश

पीएम मोदी जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज के आमंत्रण पर जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जर्मनी पहुंचे हैं।इस दौरान आज उन्होंने भारतीयों को संबोधित किया।

डेमोक्रेसी हर भारतीय के DNA में है

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा आज का दिन एक और वजह से जाना जाता है। जो डेमोक्रेसी हमारा गौरव है, जो डेमोक्रेसी हर भारतीय के DNA में है, आज से 47 साल पहले इसी समय उस डेमोक्रेसी को बंधक बनाने, डेमोक्रेसी को कुचलने का प्रयास किया गया था। आपातकाल के कालखंड भारत के वाइब्रेंट डेमोक्रेटिक इतिहास में एक काले धब्बे की तरह है, लेकिन इस काले धब्बे पर सदियों से चली आ रही लोकतांत्रिक परंपराओं की श्रेष्ठता भी पूरी शक्ति के साथ विजयी हुई, लोकतांत्रिक परंपराएं इन हरकतों पर भारी पड़ी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के लोगों ने लोकतंत्र को कुचलने की सारी साजिशों का जवाब, लोकतांत्रिक तरीके से ही दिया। हम भारतीय कहीं भी रहें, अपनी डेमोक्रेसी पर गर्व करते हैं। हर हिंदुस्तानी गर्व से कहता है, भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। आज भारत का लगभग हर गांव, सड़क मार्ग से जुड़ चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा आज भारत के 99 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के पास क्लीन कुकिंग के लिए गैस कनेक्शन है। आज भारत का हर परिवार बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। आज भारत के हर गरीब को 5 लाख रुपए के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध है। कोरोना के इस समय में भारत पिछले दो साल से 80 करोड़ गरीबों के लिए मुफ्त अनाज सुनिश्चित कर रहा है। इतना ही नहीं, आज भारत में औसतन हर 10 दिन में एक यूनिकॉर्न बन रहा है।

भारत अब तत्पर है, तैयार है, अधीर है

 

PM मोदी ने कहा कि भारत अब तत्पर है, तैयार है, अधीर है। भारत अधीर है, प्रगति के लिए, विकास के लिए। भारत अधीर है, अपने सपनों के लिए, अपने सपनों की सिद्धि के लिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत में 90% व्यस्कों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। 95% व्यस्क ऐसे हैं, जो कम से कम एक डोज ले चुके हैं। ये वही भारत है, जिसके बारे में कुछ लोग कह रहे थे कि सवा अरब आबादी को वैक्सीन लगाने में 10-15 साल लग जाएंगे। प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी ने कहा कि आज जब मैं आपसे बात कर रहा हूं तो भारत में वैक्सीन का आंकड़ा 196 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुका है। 

पीएम मोदी ने अपने भाषण में योग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि योग के मामले में भारत ने पूरी दुनिया को नाक पकड़वा दी। आज योग की ताकत को हर कोई जानता है। पीएम ने कहा बीते दशकों में आपने मेहनत और अपने काम से भारत की सशक्त छवि यहां बनाई है। आजादी के अमृतकाल में यानि आने वाले 25 साल में आपसे अपेक्षाएं और बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि आप इंडिया की सक्सेस स्टोरी भी हैं और भारत की सफलताओं के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम सभी भारतीय इस साल अपनी आजादी के 75 वर्ष का पर्व मना रहे है, अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आजादी के 75वें वर्ष में भारत अभूतपूर्व Inclusiveness और इससे प्रोत्साहित होने वाली करोड़ो Aspirations का गवाह बन रहा है।

भारत आज अभूतपूर्व संभावनाओं से भरा है

प्रधानमंत्री ने कहा भारत आज अभूतपूर्व संभावनाओं से भरा है। उन्होंने आगे कहा कि आज स्वच्छता भारत में एक जीवनशैली बन रही है। भारत के लोग, भारत के युवा देश को स्वच्छ रखना अपना कर्तव्य समझ रहे हैं। आज भारत के लोगों को भरोसा है कि उनका पैसा ईमानदारी से देश के लिए लग रहा है, भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ रहा।

Share from here