राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले पश्चिम बंगाल में सियासी जंग तेज हो गई है। इस बीच भाजपा ने यहां पर एक पोस्टर लगाया है। इस पोस्टर में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आदिवासी विरोधी बताया गया है।
पोस्टर में एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगी हैं। गौरतलब है कि टीएमसी राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रही है।
इस पोस्टर पर लिखा है कि भाजपा ने एक आदिवासी जनजाति महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए मनोनीत किया। इसके साथ ही भाजपा ने देश के सभी आदिवासी जनजाति संप्रदाय को सम्मानित किया है। यह आदिवासी जनजाति संप्रदाय का गर्व का विषय है।
पोस्टर में आगे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ऊपर निशाना साधा गया है। इसमें कहा गया है कि ममता बनर्जी आदिवासी जनजाति संप्रदाय के उम्मीदवार का समर्थन न करके किसी अन्य का समर्थन कर रही हैं। वह आदिवासी समाज के करीब आने से हिचकिचा रही हैं। यह भिन्नता थी और रहेगी।