सनलाइट, कोलकाता। उत्तर कोलकाता के भाजपा प्रत्याशी राहुल सिन्हा के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करने बड़ाबाजार के सत्यनारायण पार्क आए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के तूफान से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घबरा गई हैं।
उन्होंने ममता की कार्यशैली पर सवाल उठाए और फ़ानी चक्रवात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए फोन का जवाब ना देने को लेकर भी ममता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी देश की संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान नहीं करतीं।
राजनाथ ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से भाजपा का ऐसा तूफान उठा है कि हमारी ममता दीदी घबरा गयी हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री बनर्जी और राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये दोनों देश में देशद्रोहियों को सजा से बचाने वाला कानून बनाने के पक्षधर हैं, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि अगर इस बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो देशद्रोह कानून को इतना अधिक शख्त किया जाएगा कि देशद्रोह का अपराध करने वाले को अपराध से पहले ही रूह कांपने लगेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर मुख्यमंत्री के अपशब्दों की निंदा की और कहा कि जिनके मन में लोकतंत्र के लिए कोई सम्मान नहीं होता वह इस तरह की भाषा का प्रयोग करते हैं। यह दिखाता है कि उन्हें देश की मजबूती अथवा संवैधानिक व्यवस्थाओं में भरोसा नहीं है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आपका वोट राहुल सिन्हा को तो जिताएगा ही साथ ही मोदीजी के हाथों को भी मजबूत करेगा।
इस विशाल जनसभा को सुनील देवधर, राहुल सिन्हा, दिनेश पाण्डेय, राजेश राय, मीना देवी पुरोहित, सुनीता झँवर, रितेश तिवारी आदि ने भी अपने वक्तव्य रखे। मंच का संचालन किशन झँवर ने किया।
