पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तीसरी बार सरकार बनने के बाद उनसे पहली बार मुलाकात करने पहुंचे किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि किसानों के मुद्दों को लेकर समाधान के लिए वह केंद्र सरकार से बातचीत को तैयार हैं।
राकेश टिकैत ने कहा कि उनके संगठन के कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ काम करेंगे। ममता से मुलाकात के दौरान राकेश टिकैत केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ मौजूदा किसान आंदोलन को बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
राकेश टिकैत ने कहा कि हम ममता बनर्जी को उनकी जीत के लिए बधाई देना चाहते हैं। हम पश्चिम बंगाल में किसानों की समस्या के बारे में बात करेंगे और चर्चा करेंगे कि बंगाल किसानों के लिए एक आदर्श राज्य कैसे हो सकता है? उन्होंने यह कहा कि अगर सरकार हमसे बात करना चाहती है तो हम भी बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में हम एक बड़ी भूमिका निभाएंगे, क्योंकि यूपी में गन्ने का कारोबार सबसे ज्यादा है। किसानों के लिए यह तीन काले कानून हैं। हम इसे खत्म करने का दबाव बनाएंगे।
