Sovan Chatterjee

दिल्ली पहुँचे शोभन चटर्जी, थाम सकते हैं भाजपा का दामन

कोलकाता

कोलकाता। कोलकाता के पूर्व मेयर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बेहद करीबी रहे शोभन चटर्जी मंगलवार को दिल्ली जा पहुंचे हैं। उनके साथ उनकी महिला साथी बैसाखी बनर्जी भी हैं।‌ भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मुकुल राय इन दोनों को लेकर दिल्ली पहुंचे हैं।

तीनों की एक तस्वीर भी वायरल

सूत्रों के अनुसार 24 घंटे के अंदर दोनों भाजपा का दामन थाम लेंगे। इन तीनों की एक तस्वीर भी वायरल हुई है जिसमें हवाई अड्डे पर एक साथ नजर आ रहे हैं।

इस तस्वीर के वायरल होने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि लंबे समय से शोभन के भाजपा में शामिल होने संबंधी जो अटकलें लगाई जा रही थी उसका अवसान जल्द होने वाला है।

दो दिन पहले ही ममता बनर्जी के सबसे विश्वस्त सहायक रतन मजूमदार शोभन चटर्जी के घर जाकर मिले थे। वह मुख्यमंत्री के दूत बनकर गए थे और उन्होंने शोभन को पार्टी में बने रहने के लिए अपील की थी।

शोभन चटर्जी के भाजपा में जाने की भनक मिलने के बाद ममता बनर्जी ने पिछले सप्ताह विधानसभा में बेहला क्षेत्र के पार्षदों की बैठक बुलाई थी लेकिन उसमें भी शोभन चटर्जी नहीं गए थे।

उल्लेखनीय है कि शोभन चटर्जी ममता बनर्जी के सबसे करीबी नेताओं में शामिल रहे हैं। हालांकि जादवपुर विश्वविद्यालय की प्रोफेसर बैसाखी बनर्जी से कथित संबंधों के बाद वह तमाम तरह के सवालों के घेरे में रहते थे।

इससे नाराज होकर 2018 के नवंबर महीने में मुख्यमंत्री ने उनसे अग्निशमन मंत्रालय छीन लिया और मेयर पद से भी इस्तीफा देने को कहा था। शोभन ने भी इस्तीफा दे दिया था और उनकी जगह राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम को कोलकाता का मेयर बना दिया गया था।

शोभन चटर्जी लगातार पार्टी से दूरी बनाकर रखे थे। पहले तो तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें दरकिनार करके रखा लेकिन जब 2019 के लोकसभा चुनाव में उनके बेहला इलाके में तृणमूल कांग्रेस को कम वोट मिले। उसके बाद तृणमूल को शोभन की अहमियत समझ में आ गई थी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कई बार उनके साथ बैठक करने की कोशिश की। उन्हें बुलाया लेकिन शोभन नहीं गए। वह अब दिल्ली जा पहुंचे हैं। जल्द ही भाजपा का दामन थामने वाले हैं।

प्रदेश भाजपा के सूत्रों ने बताया कि बुधवार तक वह भाजपा में शामिल होंगे। उनके साथ बैसाखी बनर्जी भी भाजपा का दामन थाम लेंगी।

बताया गया है कि दक्षिण कोलकाता में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी जाएगी।

Share from here