कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी ममता का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। पता चला है कि वह अकेले नहीं बल्कि कई अन्य विधायकों और मंत्रियों को साथ लेकर भाजपा में जाएंगे। सूत्रों के हवाले से खबर है कि अब वे 19 दिसंबर को अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा का दामन थामेंंगे।
बुधवार को विधायक के पद से इस्तीफा देने के बाद, शुभेंदु अधकारी विधानसभा से सीधे बर्दवान चले गए। वहां उन्होंने बर्दवान पूर्व के तृणमूल विधायक सुनील मंडल के घर बंद दरवाजे के अंदर बैठक की। बैठक में पश्चिम बर्दवान के तृणमूल नेता दिपंतांगशु चौधरी और सत्तारूढ़ दल के एक अन्य नाराज विधायक व आसनसोल के निवर्तमान महापौर जितेंद्र तिवारी ने भाग लिया।
सूत्रों के अनुसार, शुभेंदु ने बैठक में स्पष्ट किया कि वे भाजपा में शामिल होंगे। कई विधायक भी उनके साथ शामिल होंगे। बैठक में पूर्व बर्दवान के कालना के विधायक बिश्वजीत कुंडू, बाराबनी के विधायक बिधान उपाध्याय भी विधायक सुनील मंडल के निवास पर उपस्थित थे। यह बैठक लगभग 1 घंटे और 20 मिनट तक चली।
सूत्रों के मुताबिक शुभेंदु भाजपा में शामिल होने के बाद राज्य भर में जिला दौरे पर जाएंगे। शुभेंदु के साथ सत्ता पक्ष के कई विधायक और सांसद भाजपा में शामिल होंगे।
