कोलकाता। चुनाव आयोग ने राज्य पुलिस प्रशासन में भारी फेरबदल किया है। शुक्रवार रात केंद्रीय चुनाव आयोग की अधिसूचना में इस बात की जानकारी दी गई है।
आयोग के सचिव राकेश कुमार के हवाले से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि कोलकाता पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा को हटाकर उनकी जगह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एडीजी डॉ राजेश कुमार को कोलकाता का नया आयुक्त बनाया गया है।
इसी तरह से दमदम हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी से सोना बरामदगी के मामले में पुलिस को हवाई अड्डा परिसर में घुसने का आदेश देने वाले विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त ज्ञानवंत सिंह को भी तत्काल प्रभाव से हटाया गया है और उनकी जगह एडीजीपी ऑपरेशन डॉ नटराजन रमेश बाबू को बिधाननगर का नया आयुक्त बनाया गया है।
इसी तरह से बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत एयरपोर्ट डिवीजन में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात रहे अवनु रवींद्रनाथ को तत्काल प्रभाव से बीरभूम के एसपी के तौर पर तबादला कर दिया गया है जबकि कोलकाता आर्म्ड पुलिस के तीसरी बटालियन के उपायुक्त आईपीएस श्रीहरी पाण्डे को डायमंड हार्बर का एसपी बनाया गया है। डायमंड हार्बर से ही अभिषेक बनर्जी सांसद हैं।
उल्लेखनीय है कि गत 15 और 16 मार्च की दरमियानी रात बैंकॉक से कोलकाता लौटी अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी को 2 किलो सोने के साथ दमदम हवाई अड्डे पर पकड़े जाने का मामला सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग से मिलकर बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त ज्ञानवंत सिंह को हटाने की मांग की थी।
इसके साथ ही एयरपोर्ट डिविजन के अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। कोलकाता पुलिस आयुक्त पर भी भाजपा ने महानगर में चुनाव प्रचार के दौरान हो रहे हमले में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया था। इसके बाद इन शीर्ष अधिकारियों का तबादला किया गया है।
