कप्तान अंजिक्या रहाणे के बेहतरीन शतकीय पारी की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां एमसीजी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 326 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर भारत को 131 रनों की बढ़त मिली। रहाणे ने 112 रन बनाए। रहाणे के अलावा रवींद्र जडेजा ने भी 57 रनों की शानदार पारी खेली।
रहाणे रन आउट होकर पवेलियन लौटे। रहाणे ने एक रिस्की रन के चक्कर में 112 रन के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवाया। भारत को दिन का दूसरा और पारी का सातवां झटका रवींद्र जडेजा के रूप में लगा जो 57 रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर कमिंस के हाथों कैच आउट हुए।
भारत को आठवां झटका उमेश यादव के रूप में लगा जो 9 रन बनाकर नाथन ल्योन की गेंद पर स्मिथ के हाथों कैच आउट हुए। 9वीं सफलता कंगारू टीम को जोश हेजलवुड ने दिलाई। उन्होंने अश्विन को 14 रन के निजी स्कोर पर ल्योन के हाथों कैच आउट कराया।
जसप्रीत बुमराह के तौर पर भारत का आखिरी विकेट गिरा जो ल्योन की गेंद पर ट्रेविस हेड के हाथों कैच आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क और नाथन ल्योन ने 3-3 ,पैट कमिंस ने 2 व हेजलवुड ने 1 विकेट लिया।
खबर लिखे जाने तक चाय के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 72 रन बनाए है। भारत की तरफ से उमेश यादव, अश्विन और बुमराह ने 1-1 विकेट लिए। जो बर्न 4, लाबुशेन 28 और स्मिथ 8 रन पर आउट होकर पवेलियन लौटे। वेड और ट्रेविस हेड क्रीज पर टिके है।
