भाजपा में शामिल होने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में की पहली जनसभा

बंगाल
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद राज्य के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को नंदीग्राम में पहली जनसभा की है। यहां एक रोड शो में भी उन्होंने हिस्सा लिया जहां भारी भीड़ उमड़ी थी। इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बगैर तीखा प्रहार किया।
शुभेंदु ने कहा कि कुछ लोग अपना कार्यक्रम तय करके बदल जाते हैं। दरअसल शुभेंदु नंदीग्राम से विधायक रहे हैं और 2007 के नंदीग्राम आंदोलन के मुख्य सूत्रधार भी थे। इसी आंदोलन से राज्य में 33 वर्षों के माकपा शासन के खात्मे की नींव पड़ी थी। 
सात जनवरी को सीएम ने यहां जनसभा करने की घोषणा की थी लेकिन अगले ही दिन शुभेंदु ने भी जवाबी सभा की चुनौती दे दी। बाद में मुख्यमंत्री ने किसी कारणवश सभा में जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। 
इसके बाद मंगलवार को वह यहां तेंगुआ मोड़ से जानकी नाथ मंदिर तक एक रैली में हिस्सा लिया जिसमें भारी भीड़ थी। यहां संबोधन करते हुए उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया और पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कार्यकर्ताओं पर हमला करने वालों की अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो इसके खिलाफ भारी विरोध होगा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि हर तरह के रंगदारी वसूली में भाईपो शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्हीं के निर्देश पर मेरी तस्वीर पर कालिख पोती गई है और शेयर किया गया।
बंगाल में परिवर्तन का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को इस अत्याचारी सरकार को खत्म करना होगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव के बाद पता चल जाएगा कि लोग किसके साथ हैं।
Share from here