पश्चिम बंगाल से सटी बांग्लादेश सीमा पार गायों की तस्करी की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने गुरुवार सुबह से ही सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े एक कारोबारी के कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इसके अलावा जांच अधिकारियों की टीम कोयला तस्करी के मामले में भी तलाशी अभियान चला रही है।
जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि विनय मिश्रा नाम के एक कारोबारी के कोलकाता स्थित तीन घरों पर छापेमारी चल रही है। कोलकाता के रासबिहारी और चेतला में उसके दो घर हैं, जहां सुबह के समय सीबीआई की टीम पहुंची। इसके अलावा लेकटाउन में भी उसका तीसरा घर है। जहां जांच एजेंसी की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। विनय मिश्रा राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की युवा इकाई के महासचिव हैं।
जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि गौ तस्करी मामले में गिरफ्तार बीएसएफ कमांडेंट सतीश कुमार और इनामुल हक से पूछताछ के बाद विनय मिश्रा के बारे में पता चला था। इनामुल हक के पास से एक डायरी भी बरामद हुई है जिसमें मिश्रा का नाम लिखा गया है।
हावड़ा-हुगली में कोयला तस्करों के घर रेड
इसके अलावा सीबीआई की टीम ने कोयला तस्करी के आरोपित व्यवसायी नीरज सिंह के कोन्नगर और हावड़ा के सलकिया स्थित आवास पर भी छापेमारी की। नीरज के अलावा दो अन्य कारोबारियों के ठिकाने पर भी तलाशी अभियान चलाए गए हैं।
