आडवाणी और जोशी के नाम स्टार प्रचारकों की सूची से गायब

उत्तर प्रदेश

लखनऊ। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में स्टार प्रचारकों की सूची सोमवार की देर रात्रि जारी कर दी, लेकिन इस सूची में दो वरिष्ठ नेताओं लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नाम नहीं हैं।सूची पहले और दूसरे चरण के चुनाव के लिए जारी की गई है।

भाजपा के संगठन की ओर से उत्तर प्रदेश के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई बड़े नामों को रखा गया है। स्टार प्रचारकों की सूची में 40 नाम शामिल हैं। सबसे ऊपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम है। उसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण समेत प्रदेश सरकार के मंत्री भी शामिल हैं।

इसके अलावा सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, वित्तमंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, चिकित्सा मंत्री एवं यूपी भाजपा प्रभारी जेपी नड्डा प्रचार करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रार्ष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री उमा भारती, रेलमंत्री पीयूष गोयल, कपड़ा मंत्री और अमेठी से पार्टी प्रत्याशी स्मृति ईरानी, केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, सांसद और मथुरा से पार्टी प्रत्याशी हेमा मालिनी भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।

जबकि लालकृष्ण आडवाणी और डॉ. मुरली मनोहर जोशी जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम सूची से गायब हैं। पार्टी नेता इसके पीछे दोनों नेताओं की उम्र का हवाला दे रहे हैं। दोनों नेता लोकसभा चुनाव के इस महासमर में उम्मीदवार भी नहीं हैं। गांधीनगर की बहुचर्चित ससंदीय सीट से आडवाणी की जगह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह उम्मीदवार हैं, ज​बकि कानपुर को लेकर अभी पार्टी ने फैसला नहीं किया है।

इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और कानपुर से सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को पत्र लिखकर चुनाव नहीं लड़ने की जानकारी दी है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि उन्हें भाजपा के संगठन महामंत्री रामलाल ने चुनाव न लड़ने के संबंध में बताया है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *