हुगली। गुरुवार शाम हुगली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत चन्दननगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी पहुंची। उन्होंने लोगों से कहा कि वे उनके पक्ष में मतदान करें ताकि वे इलाकों के लोगों की सभी समस्याओं का समाधान कर सकें।
पदयात्रा कर लोगों के बीच पहुंची लॉकेट ने कहा कि पश्चिम बंगाल पर भाजपा की विशेष नजर है। केन्द्र की कई योजनाओं को पश्चिम बंगाल में लागू ही नहीं होने दिया गया। इसी कारण लोगों को बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाकर संसद में भेजें। वे संसद में हुगली के लोगों की आवाज बनकर उनके समस्याओं का समाधान करेंगी। इसके अलावा गुरुवार दोपहर लॉकेट ने चन्दननगर के नित्य गोपाल स्मृति मन्दिर में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन भी किया।
