पश्चिम बंगाल की पांच संसदीय सीटों के लिए मतदान जारी है। उसी के साथ सुबह से ही मतदान में धांधली की खबरें आने लगी हैं।
मालदा के रतुआ ब्लॉक में स्थित बाहारालेर के एक मतदान केंद्र में एक ऐसी तस्वीर आई है, जो चुनाव आयोग की तैयारियों पर सवाल खड़े करती है।
यहां के मतदान केंद्र में पीठासीन अधिकारी आराम से बैठे हैं और पोलिंग एजेंट के तौर पर बैठा एक शख्स बुजुर्ग महिला को अपने साथ ले जा रहा है और ईवीएम के बटन को अपने सामने दबवा रहा है।
यहां तक कि मीडिया कैमरे के सामने भी वह शख्स अपनी हरकत से बाज नहीं आया। बाद में राज्य के विशेष पर्यवेक्षक अजय नायक ने मामले का संज्ञान लिया और राज्य के चुनाव अधिकारियों से इसकी रिपोर्ट तलब की है।
राज्य चुनाव आयोग ने मीडिया रिपोर्ट आने के बाद पीठासीन अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मतदान केंद्र पर अतिरिक्त संख्या में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है।
पोलिंग एजेंट को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है वहीं निलंबित पीठासीन अधिकारी ने बताया कि इस मतदान केंद्र पर 16 उम्मीदवारों के केवल पांच पोलिंग एजेंट बैठे हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि पांच पोलिंग एजेंट की मौजूदगी और आपके होने के बावजूद एक शख्स कैसे इस तरह से मतदान करा रहा था तो उन्होंने कहा कि मैंने ध्यान नहीं दिया, आगे से ध्यान रखूंगा। लेकिन उनके इस बयान के तुरंत बाद चुनाव आयोग ने उन्हें हटा दिया।
