निर्जला एकादशी पर बांके बिहारी मंदिर में उमड़ा भक्तों का जन सैलाब

धर्म - कर्म
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari

निर्जला एकादशी के मौके पर गुरुवार को वृंदावन में श्रद्धालु भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में आए भक्तों ने नगर की पंचकोसी परिक्रमा और ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कर स्वयं को धन्य किया।

एकादशी के पावन पर्व पर गुरूवार सुबह से ही यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। गुरूवार प्रातः यमुना में स्नान करने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यमुना महारानी का जलाभिषेक के साथ दुग्धाभिषेक किया।

श्रद्धालुओं की भीड़ द्वारिकाधीश मंदिर और ठाकुर बांके बिहारी पर उमड़ पड़ी। ठाकुर द्वारिकाधीश महाराज ने आठ झांकियों में विशेष श्रृंगार में भक्तों को दर्शन दिए। वहीं बांकेबिहारी मंदिर पर भक्त भी अपने आराध्य के दर्शन पाकर धन्य हुए।

मथुरा और वृंदावन के कई मंदिरों में फूलबंगला सजाए गए। मंदिरों पर देर शाम तक भक्तों की दर्शनों के लिए भीड़ लगी रही।

गुरुवार को निर्जला एकादशी पर सुबह जैसे ही द्वारिकाधीश जी मंदिर के पट खुले वैसे ही भक्तों का रैला मंदिर में उमड़ पड़ा। निर्जल एकादशी के मौके पर चहुंओर बांकेबिहारी की जय-जयकार सुनाई दे रही थी। मंदिर में देशी-विदेशी फूलों की सुगंध के मध्य अलौकिक आभा बिखर रही थी।

वहीं ठा. श्री राधावल्लभ लाल ने नौका में विराजित होकर भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर में चल रहे फव्वारों के मध्य जगमोहन में प्रतीकात्मक रूप में यमुना बनाई गई थी। राधा दामोदर, सनेह बिहारी, राधारमण, राधा श्यामसुंदर आदि मंदिरों में फूलबंगले सजाए गए।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *