भाजपा से गठबंधन तोड़कर नीतीश कुमार आज आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मंगलवार को उन्होंने अपना त्यागपत्र राज्यपाल को सौंपा और आज दोपहर दो बजे पटना के राजभवन में आठवीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार के साथ तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, वे दोबारा बिहार के उपमुख्यमंत्री बनेंगे।
नीतीश कुमार इस बार बिहार में सात दलों का साथ लेकर महागठबंधन की सरकार बनाने जा रहे हैं। राजद, कांग्रेस एवं वामदलों के साथ नीतीश कुमार ने मंगलवार को संयुक्त बैठक की थी जिसके बाद सरकार बनाने के लिए उन्होंने राज्यपाल फागू चौहान को 164 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा है, जिसपर स्वीकृति भी मिल गई है।