पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्रीय दलों को भाजपा के खिलाफ एकजुट करने और कांग्रेस से समान दूरी बनाकर चलने की रणनीति बनाई गई है। कांफ्रेंस में सुदीप बंदोपाध्याय ने साफ कर दिया कि कांग्रेस खुद को विपक्ष का बिग बॉस ना समझे। सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में कांग्रेस, भाजपा और सीपीएम एक साथ चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ ममता बनर्जी की बैठक होगी। सीएम दिल्ली भी जाएंगी। महीने में तीन दिन खुद ही बैठक करेंगी।उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव और पंचायत चुनाव में टीएमसी प्रमाणित कर देगी की बीजेपी को कैसे अटकाया जाता है। सुदीप ने साफ कर दिया कि सभी क्षेत्रीय पार्टियां जिस राज्यों में मजबूत है वहां चुनाव लड़े। उसके बाद लोकसभा चुनाव के बाद यह फैसला होगा कि कौन नेता होगा।
