जम्मू। श्रीअमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की आशंका के चलते राज्य प्रशासन द्वारा यात्रियों व पर्यटकों को लौटने की एडवाइजरी जारी करने के बाद कश्मीर घाटी में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया है। यात्री व पर्यटन कश्मीर घाटी से जल्द से जल्द लौटने के लिए प्रयासरत हैं। इस अफरा-तफरी के चलते विमानन कंपनियों ने भी किराए बढ़ा दिये हैं।
हालांकि टिकट रद्द करने वाले यात्रियों व पर्यटकों को कुछ हद तक राहत देते हुए पूरा रिफंड किया जा रहा है। इसी के चलते श्रीनगर एयरपोर्ट पर यात्रियों व पर्यटकों की भारी भीड़ भी देखने को मिल रही है। सभी विमान कंपनियों की उड़ानें यात्रियों से ठसाठस भरी हैं और यात्रियों को 3 से 4 गुना ज्यादा किराया देना पड़ रहा है।
उधर, कश्मीर घाटी में शिक्षा ग्रहण कर रहे जम्मू व बाहरी राज्यों के छात्रों को वहां से निकालने के लिए राज्य सरकार पथ परिवहन निगम की लगभग 40 गाड़ियां लगाई गई हैं जिन्हें कश्मीर घाटी से जम्मू लाया जा रहा है। श्रीअमरनाथ यात्रा स्थगित होने के बाद जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में चल रही मचैल यात्रा को भी स्थगित कर दिया गया है।
मचैल माता यात्रा स्थगित
मचैल माता यात्रा श्रीअमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की आशंका के चलते स्थगित होने के बाद निलंबित की गई है। मचैल माता यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोकने की जानकारी किश्तवाड़ जिला आयुक्त अंग्रेज सिह राणा ने यहां शनिवार को दी है। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए अमरनाथ यात्रा के बाद अब मचैल यात्रा को भी रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। यात्रियों से कहा गया है कि वह अपनी यात्रा को शुरू न करें और जो यात्री यात्रा के मार्ग में हैं वे वहीं से अपने घरों को लौट जाएं।
जम्मू में एहतियातन आरएएफ की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। डोडा, किश्तवाड़ व भद्रवाह में भी अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
उमर अब्दुला ने राज्यपाल सत्यपाल मलिक से की मुलाकात
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुला ने श्रीनगर में शनिवार को राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मुलाकात की और राज्य के मौजूदा हालात के बारे में जानकारी हासिल की। उमर ने कहा कि जब वह अधिकारियों से पूछते हैं तो वह कहते हैं कि कुछ घटित हो रहा है लेकिन इसके बारे में कोई नहीं जानता कि वास्तव में क्या घटित हो रहा है।
लद्धाख के सांसद ने कश्मीर घाटी से अपनी यात्रा को अधूरी छोड़कर जाने वाले सभी यात्रियों व पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे अपने यात्रा कार्यक्रम को रद्द न करते हुए लद्धाख यात्रा पर आ जाएं जो क्षेत्र पूरी तरह से शांत व सुरक्षित है। उन्होंने उनको कारगिल-लेह-मनाली मार्ग को अपनाने की सलाह दी है। शुक्रवार को जहां श्रीनगर से दिल्ली का किराया 4 हजार रुपये के करीब था, अब वह शनिवार को बढ़कर 12 से 14 हजार से भी ज्यादा हो गया है। वैसे ही श्रीनगर से जम्मू आने वाले यात्रियों का किराया भी 3 से 4 गुणा हो ज्यादा हो गया है।
नई फ्लाइट्स की बुकिंग पर निजी विमान कंपनियां उठा रही हैं जमकर फायदा
हालांकि एयर इंडिया, इंडिगो और विस्तारा एयरलाइंस ने कैंसलेशन और रीशेड्यूलिंग जम्मू की उड़ानों के लिए चार्ज हटा लिये हैं। डीजीसीए ने कहा था कि वह श्रीनगर की फ्लाइट्स के टिकटों की कीमतों पर नजर रखेगी लेकिन इसका असर निजी विमानन कंपनियों पर नहीं हो रहा है। नई फ्लाइट्स की बुकिंग पर निजी विमान कंपनियां जमकर फायदा उठा रही हैं।
कश्मीर घाटी व किश्तवाड़ से यात्री व पर्यटक बड़ी संख्या में लौटना शुरू हो गए हैं। कुछ यात्री श्रीनगर से ही सीधे तौर पर दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं तो कुछ जम्मू पहुंच रहे हैं जिसके चलते जम्मू बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व यात्री निवासों में यात्रियों का तांता लगना भी शुरू हो गया है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को श्री अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले के इनपुट मिलने के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई थी। इस दौरान गृह सचिव शालीन काबरा ने निर्देश जारी किए थे कि कश्मीर घाटी में अमरनाथ यात्रा पर आए यात्री और पर्यटक जत्द से जल्द घाटी को छोड़ अपने घरों को लौट जाएं। इस दौरान घाटी में सुरक्षाबलों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
