10,264 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे

10264 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त, तीन गिरफ्तार

कोलकाता

कोलकाता। राजधानी कोलकाता से सटे हावड़ा जिले में पुलिस ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात तीन अलग-अलग जगहों से 10264 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए गए हैं। इस संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

हावड़ा पुलिस आयुक्त गौरव शर्मा ने बुधवार को बताया कि शिवपुर थाने की पुलिस ने नस्कर पाड़ा बाई लेन में अनूप पांजा के घर छापा मारकर 1650 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए। पुलिस ने पांजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की खुफिया टीम ने बेलूर थाना इलाके के बेलूर बाजार में 31 किलो 610 ग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद कर विकास राय उर्फ गोयला को गिरफ्तार किया है। वह चंदन सिनेमा हॉल के पास एक नंबर हाइड रोड का रहने वाला है।

उन्होंने बताया कि दासपुर थाना इलाके के कांतापुकुर थर्ड बाई लेन में रहने वाले सजल पात्रा (68) के घर से 8583 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए गए हैं। इस संबंध में पात्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 188 और 286 तथा वेस्ट बंगाल फायर सर्विस एक्ट 1950 की धारा 24 और 26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Share from here