Taslima Nasrin – चर्चित लेखिका तसलीमा नसरीन लगभग बीस साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर कोलकाता पहुंची हैं।
Taslima Nasrin
शुक्रवार सुबह वह कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरीं। इतने लंबे समय बाद उनके कोलकाता आगमन से शहर के साहित्यिक और सांस्कृतिक हलकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वह शहर में आयोजित होने वाले कई साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए आई हैं।
अगले कुछ दिनों तक वह कोलकाता में विभिन्न मंचों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। इसके साथ ही कई प्रमुख साहित्यकारों, प्रकाशकों और सांस्कृतिक जगत की हस्तियों के साथ उनकी मुलाकात तय मानी जा रही है।
एयरपोर्ट पर आयोजक संस्था के प्रतिनिधियों ने तसलीमा नसरीन का गर्मजोशी से स्वागत किया। लंबे समय बाद कोलकाता लौटने पर लेखिका ने शहर से जुड़े अपने भावनात्मक जुड़ाव को भी जाहिर किया।
अतीत में वह एक लंबा वक्त इसी शहर में बिता चुकी हैं। हालांकि, विभिन्न परिस्थितियों के कारण पिछले दो दशकों से वह कोलकाता नहीं आ पाई थीं।
उल्लेखनीय है कि उन्हें 2007 में शहर छोड़कर निकलना पड़ा था। उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद तब की लेफ्ट सरकार ने उन्हें बंगाल से बाहर निकल जाने को कहा था।
फिर 2011 में टीएमसी की सरकार आई थी, लेकिन तसलीमा नसरीन की वापसी नहीं हो सकी। तसलीमा नसरीन महिलाओं के मुद्दे पर लिखती रही हैं, इसके अलावा कट्टरपंथ के खिलाफ भी उनकी कलम चलती रही है, लेकिन यही उनकी मुसीबत की वजह भी बनी है।
