Bhatpara Shootout – उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा नगरपालिका अंतर्गत 14 नंबर वार्ड के काकीनाड़ा में 15 नंबर गली इलाके में गोलीबारी का मामला सामने आया है।
Bhatpara Shootout
बदमाशों ने रशीद खान नामक व्यक्ति के घर को निशाना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आतंक व्याप्त है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए और रशीद खान उर्फ गु्ड्डू के घर पर धावा बोल दिया।
बदमाशों ने गु्ड्डू का नाम लेकर आवाज़ें लगानी शुरू कर दीं और उसके घर के मुख्य दरवाज़े पर ज़ोर-ज़ोर से लातें मारना शुरू कर दिया।
घर के बाहर हंगामा और डर का माहौल देखकर रशीद खान की पत्नी ने घबराकर मदद के लिए पड़ोसियों को पुकारना शुरू किया।
आरोप है कि जैसे ही पड़ोसी मदद के लिए आगे आने लगे, बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोलीबारी करते ही हमलावर अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भाटपाड़ा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान करने और वारदात के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
