Malda : पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिश बाजार थाने के रामकेली इलाके में बीजेपी कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।
Malda
आरोप है कि मौत पक्की करने के लिए उस पर दो राउंड गोलियां भी चलाई गईं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
घटना का पूरा आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगाया जा रहा है। मृतक बीजेपी कार्यकर्ता की पहचान 27 साल के समीर घोष के रूप में हुई है।
मृत समीर के भाई विवेक घोष ने आरोप लगाया है कि उनके भाई बीजेपी से जुड़े थे और आरोपी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं।
दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते दशमी के दिन समीर पर यह जानलेवा हमला किया गया।
उधर, तृणमूल कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि इस घटना में उनके परिवार के सदस्यों पर भी हमला किया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
