Dev Deepawali – सनलाइट, कोलकाता। देव दीपावली के अवसर पर महानगर में मंगलवार शाम गंगा के घाटों पर दीपों की रोशनी बिखरेगी।
Dev Deepawali
गंगा आरती, रंगोली और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालु देव दीपावली का उत्सव मनाएंगे। महानगर के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के जरिए देव दीपावली का उल्लास सामूहिक रूप से अभिव्यक्त होगा।
जगन्नाथ घाट पर देव दीपावली एवं गंगा आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन की जानकारी देते हुए मीनादेवी पुरोहित ने बताया कि इस अवसर पर गंगा के तट पर 5,100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
Dev Deepawali – उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसी क्रम में राम शरद कोठारी स्मृति संघ की ओर से तारा सुंदरी पार्क में देव दीपावली के अवसर पर 1,100 दीपक जलाकर परिसर को रोशनी से सजाया जाएगा।
आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए पारंपरिक रंगोली तैयार की जाएगी। इसके साथ ही आतिशबाजी और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया है।
वहीं, भारतीय संस्कृति संवर्द्धन समिति की ओर से बागबाजार के बिचाली घाट पर दीपदान एवं गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालु गंगा तट पर दीप प्रज्वलित कर मां गंगा की पूजा-अर्चना करेंगे। नदी की लहरों पर तैरते दीपों और आरती के दौरान गूंजते मंत्रों से घाट का वातावरण भक्तिरस में सराबोर होगा।
सत्यनारायण पार्क में जैन मंदिर के समीप जोरासांको मंडल–3 महिला मोर्चा द्वारा 501 दीपक प्रज्वलित कर दीपोत्सव का भव्य आयोजन होगा।
