कोलकाता। डीआरआई की कोलकाता इकाई ने कोलकाता और सिलीगुड़ी में दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 12 किलो गैरकानूनी सोना जब्त किया है जिसकी कीमत 6.20 करोड़ रुपये हैं। इसके अलावा 88.17 लाख नगदी भी ज़ब्त किए गए हैं।
डीआरआई के पूर्व क्षेत्रीय उपनिदेशक पार्थ प्रतिम बसु ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 और 30 अक्टूबर को कोलकाता और सिलीगुड़ी में छापेमारी की गई थी। पहली कार्रवाई कोलकाता के बांगुर एवेन्यू में हुई। यहां डीआरआई की टीम ने जैसोर रोड के पास एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 6882.840 ग्राम सोना बरामद हुआ। भारतीय बाजार में इसकी कीमत ₹3,60,79,449 रुपये है। इसके अलावा 53 लाख रुपये भी बरामद किए गए।
इसी तरह से सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग मोड़ पर भी छापेमारी की गई जहां से 4980 ग्राम सोने के साथ 34 लाख 23 हजार 740 रुपये बरामद किये गये। दोनों ही मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ कर इनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
