कोरोना के कारण इस साल होने वाली अमरनाथ यात्रा रद्द

देश
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari

कोरोना के कारण इस साल होने वाली अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी गई है। अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने 23 जून से शुरू होने वाली यात्रा को रद्द कर दिया है। जम्मू में राजभवन में बुधवार को हुई अहम बैठक में लेफ्टिनेंट गवर्नर गिरीश चंद्र मुर्मू ने यह फैसला लिया है।

जम्मू-कश्मीर के एलजी और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन गिरीश चंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला लिया गया कि पूरी कश्मीर घाटी में जहां-जहां से होकर अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालु गुजरते हैं 77 कोरोना रेड जोन हैं इसकी वजह से लंगरों की स्थापना, मेडिकल सुविधाएं, कैंप लगाना, सामानों की आवाजाही, रास्ते पर पड़े बर्फ को हटाना संभव नहीं है।

एलजी जीसी मुर्मू ने कहा कि हालांकि सरकार लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया है, लेकिन अभी तक ये तय नहीं है कि कोरोना वायरस की वजह से देश में सारी गतिविधियां कबतक बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

हालांकि बोर्ड ने यह भी तय किया है कि बाबा बर्फानी की प्रथम पूजा और समापन पूजा पारंपरिक हर्ष और उल्लास के साथ की जाएगी। बोर्ड की मीटिंग में यह भी तय किया गया कि बोर्ड इस संभावना की भी तलाश करेगा कि पूजा और शिवलिंग दर्शन को दुनिया भर में फैले बाबा के भक्तों तक ऑनलाइन पहुंचाया जाए।

Share from here