कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष पर बुधवार सुबह उस समय हमला हुए जब वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घटना लेदर कॉम्प्लेक्स थाना क्षेत्र की है।
बताया गया है कि मॉर्निंग वॉक के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निकले हुए थे। उसके बाद उन्होंने उसी क्षेत्र में चाय पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया था, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए थे।
आरोप है कि उसी समय कुछ लोग आए और दिलीप घोष को घेरकर नारेबाजी, विरोध प्रदर्शन, गाली गलौज करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की की। यहां तक कि दिलीप घोष जहां बैठे थे, वहां की कुर्सियां भी तोड़ी गईं। उनकी गाड़ी के कांच भी तोड़ दिए गए।
हालात की गंभीरता को समझते हुए दिलीप घोष की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। दिलीप घोष ने सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के संरक्षित अपराधियों पर हमले का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने कुर्सियां तोड़ी और हमले की कोशिश की। यह पहली बार नहीं है, इसके पहले भी इसी तरह से उन पर हमले करवाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस अब भारतीय जनता पार्टी से डरती हैं, इसीलिए हिंसा का सहारा लिया जा रहा है। इस मामले में अबतक तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
