बेंगलुरू। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में मंगलवार की देर शाम 9:00 बजे के बाद अचानक हिंसा भड़क गई। सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक पोस्ट का हवाला देकर जुटी एक समुदाय की भीड़ ने अचानक केजी हल्ली और डीजे हल्ली पुलिस स्टेशन हमला बोल दिया। वहां खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और थाने पर पथराव शुरू कर दिया। बचाव में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। समाचार लिखे जाने तक दो दंगाइयों के मारे जाने की पुष्ट खबर है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक समुदाय के विरोध में आई किसी आपत्तिजनक पोस्ट पर शिकायत दर्ज कराने 2 हजार से अधिक लोग पुलिस थाने पहुंचे थे। जन्माष्टमी का त्योहार होने की वजह से थाने के अधिकांश सिपाही और अधिकारी मंदिरों के आसपास तैनात थे। फिर भी बिना पूर्व सूचना के बड़ी भीड़ पहुंचने की सूचना मिलने पर इलाके के आला अधिकारी धाने पहुंचने लगे। इस बीच यह प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। पुलिस थाने के निकट खड़ी डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) की गाड़ी को भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। इसके बाद हिंसा और तेज हो गई।
