पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भाजपा के कार्यकर्ता का शव पेड़ पर टंगा मिला है। मृत युवक का नाम शिशुपाल सहिस (22) बताया । वह बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र के आर्सा थाना अंतर्गत सिरकाबाद ग्राम पंचायत क्षेत्र के सेनाबना ग्राम का रहने वाला था। गुरुवार सुबह घर से थोड़ी दूरी पर एक पेड़ से उसका लटका हुआ शव बरामद किया गया है।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को घेर कर गांव वालों ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा की ओर से इस बारे में आधिकारिक तौर पर सोशल साइट पर एक फोटो और वीडियो जारी किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने शिशुपाल की हत्या की है। वह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता था। मौत की वजह को समझने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
मृत भाजपा कार्यकर्ता के घरवालों का कहना है कि बुधवार रात को 8:00 बजे शिशुपाल लापता हो गए थे। उसके बाद लगातार उनकी खोज की जा रही थी। थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की गई लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। जिसके बाद गुरुवार सुबह उनका पेड़ से लटका हुआ शव मिला।
इस घटना को लेकर भाजपा बंगाल सहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से दुख जताया गया था। उसके बाद एक और कार्यकर्ता को इसी तरह से हत्या कर पेड़ से लटका दिया गया था और अब इसी जिले में तीसरे कार्यकर्ता की हत्या कर लटका दिया गया है।
