भारत के कोवैक्सीन टीके को ब्राज़ील में बड़ा झटका लगा है। ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भारत बायोटेक के साथ हुए अनुबंध को सस्पेंड करने का फैसला किया है।
ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कम्पट्रोलर जनरल कार्यालय की सिफारिश पर कोवैक्सीन के अनुबंध को अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया।
ब्राजील में इस डील पर काफी सवाल खड़े हो रहे थे, जिसके बाद अब 32 करोड़ डॉलर के इस कॉन्ट्रैक्ट को सस्पेंड कर दिया गया है।
मंगलवार को ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री मार्सेलो ने इसका ऐलान किया। डील के मुताबिक, ब्राजील को भारत बायोटेक से कुल 2 करोड़ वैक्सीन की डोज़ खरीदनी थीं। लेकिन इस सौदे को लेकर ब्राजील में सवाल खड़े किए गए और राष्ट्रपति जायर बोल्सोनेरो पर भ्रष्टाचार को छुपाने के आरोप लगाए गए।
व्हीसलब्लोअर द्वारा लगातार ब्राजीली सरकार को घेरा गया, सरकार की ओर से सफाई भी दी गई लेकिन उसका कोई फर्क नहीं पड़ा। अब जब ये मामला ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा, तब ब्राजील सरकार ने इस डील को रद्द करने का फैसला लिया।
